राहुल गांधी-खड़गे के सामने जीतू-उमंग के दो साल का आज इम्तिहान

29

राहुल गांधी-खड़गे के सामने जीतू-उमंग के दो साल का आज इम्तिहान

भोपाल: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मंगलवार को होने वाले किसान सम्मेलन को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने व्यापक तैयारियां की है। यह सभा जवाहर चौक स्थित अटल पथ पर होगी। इस सड़क पर कम लोगों में भी सभा स्थल भरा हुआ आसानी से दिखाई देता है। इधर इस किसान सम्मेलन के जरिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के अपने दो साल के कार्यकाल का संगठन के इन दो बड़े नेताओं के सामने इम्तिहान भी है। कांग्रेस के दोनों दिग्गज नेता भारत-अमेरिका ट्रेंड डील के खिलाफ किसान सम्मेलन करने के लिए भोपाल आ रहे हैं। देश व्यापी इस विरोध की शुरूआत मंगलवार से भोपाल में कांग्रेस करने जा रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का दावा है कि इसमें प्रदेश भर से लाखों किसान जुटेंगे, हालांकि अटल पथ इतना बड़ा नहीं है कि यहां पर एक लाख लोग आ सके। भोपाल का सबसे बड़ा जंबूरी मैदान हैं। यहां पर एक लाख की भीड़ आसानी से आ सकती है, लेकिन प्रदेश कांग्रेस ने इस सम्मेलन के लिए यह जगह प्रशासन से नहीं मांगी। पटवारी ने बताया कि उन्होंने लाल परेड और अटल पथ पर किसान सम्मेलन की अनुमति मांगी थी। विधानसभा सत्र चलने के कारण यह लगभग तय था कि लाल परेड मैदान पर कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलेगी।

जीतू पटवारी पिछले दो वर्षो में खुद को किसानों के हितैषी चेहरे के रूप में स्थापित करने की कोशिश करते रहे हैं। समर्थन मूल्य, फसल नुकसान और कर्ज जैसे मुद्दों पर वे लगातार मुखर रहे हैं। दूसरी ओर, उमंग सिंघार के नेतृत्व में विधानसभा के भीतर किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरने का दावा करते रहे हैं। इन दोनों नेताओं का प्रदेश के किसानों में कितना असर और समर्थन मिल रहा है। यह राहुल गांधी के सामने भीड़ देखकर पता लगेगा।

इधर पटवारी ने प्रदेश कांग्रेस के जरिए और सिंघार ने विधायकों के जरिए किसानों की भीड़ जुटाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। हर जिले और हर विधायक को ज्यादा से ज्यादा किसानों को भोपाल लाने का कहा गया है। इसके चलते विधानसभा सत्र के दौरान शनिवार और रविवार को अधिकांश विधायक अपने क्षेत्र में पहुंचे और किसानों को भोपाल लाने की व्यवस्था में जुटे। वहीं हरीश चौधरी भोपाल के व्यापारियों को भारत-अमेरिका ट्रेंड डील के विषय में संवाद करेंगे। ट्रेड डील को लेकर कांग्रेस लगातार पत्रकार वार्ता भी कर रही है। पहले हरीश चौधरी मीडिया के सामने इस मुद्दे पर आए रविवार को सुप्रिया श्रीनेत ने इस मुद्दे पर पत्रकारों से चर्चा की।