उज्‍जैन को मिलेगा आयुर्वेद का एम्‍स, CM डॉ. यादव ने 1166.61 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों का किया लोकार्पण और भूमिपूजन

88

उज्‍जैन को मिलेगा आयुर्वेद का एम्‍स, CM डॉ. यादव ने 1166.61 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों का किया लोकार्पण और भूमिपूजन

उज्जैन। मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के आशीर्वाद से बाबा महाकाल की नगरी उज्‍जैन में आयुर्वेद के एम्‍स की सौगात मिलेगी। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हजारों वर्ष पहले जब समुद्र मंथन हुआ था उस समय मंथन के दौरान कई प्रकार के रत्‍न निकले थे। उनमें भगवान धनवंतरि‍ भी प्रकट हुए थे। ऐसे में भगवान धनवंतरी से उज्‍जैन कैसे अछूता रह सकता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के प्रयासों से देश में खुलने वाले 03 आयुर्वेद एम्‍स में से एक मध्‍यप्रदेश को भी मिला है। आयुर्वेद का एम्‍स उज्‍जैन में खोला जाएगा।

WhatsApp Image 2026 02 11 at 18.51.11

मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को कालिदास संस्‍कृत अकादमी में विभिन्‍न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में श‍ामिल होने के लिए पहुंचे थे। अकादमी परिसर में उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सप्‍तपुरी में एक मोक्ष दायिनी अवंतिका नगरी का अपना अलग महत्‍व है। लोग तरसते है कि अवंतिका नगरी में आने का अवसर मिले। उन्‍होंने कहा कि हम भाग्‍यशाली है कि हमारा जन्‍म मोक्षदायिनी अवंतिका नगरी में हुआ है। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश में विकास के अभियान में प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में पूरा देश आगे बढ़ रहा है। आज पं. दिनदयाल उपाध्‍याय की पुण्‍यतिथि‍ भी है। पंडितजी के माध्‍यम से देश में गरीबी और अमीरी की खाई मिटाई गई। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्री कृष्‍ण ने गीता के सातवें अध्‍याय में बताया है कि हमारे शरीर के मन, जड़, चेतना एक ही है। जैसा ब्रह्मांड है वैसा ही हमारा पिंड है। उन्‍होंने कहा कि भारत देश ने सबसे पहले कई बातों से दुनिया को परिचित कराया है।

अवंतिका में 2028 का सिंहस्‍थ विश्‍व को नया संदेश देगा

मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विशाल जन समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि अवंतिका नगरी में वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्‍थ मेले का आयोजन पूरे विश्‍व के लिए होगा। अवंतिका नगरी बाबा महाकाल की नगरी है। यहां पूरे विश्‍व के लोग आकर मोक्षदायिनी शिप्रा में स्‍नान कर भगवान महाकाल के दर्शन करेंगे।

उज्जैन शहर में अब पानी की कोई चिंता नहीं

मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्‍जैन में अब पानी की कोई चिंता नहीं है। हमारे द्वारा नगर और सिंहस्‍थ महापर्व के लिए पानी का प्रबंधन हरियाखेडी जल आवर्धन योजना लाई गई है। 1133.67 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होने वाली इस योजना के पूर्ण होने के बाद उज्‍जैन में पानी की समस्‍या पूरी तरह समाप्‍त हो जाएगी। भवि‍ष्‍य में 2050 में जो सिंहस्‍थ होगा उसमें पानी की चिंता नहीं करना पड़ेगी। निरंतर पेय जल की आपूर्ति होती रहेगी क्‍योकि उज्‍जैन की जरुरत प्रतिदिन 200 एमएलडी पानी की है जबकि हमारे पास 450 एमएलडी पानी प्रतिदिन उपलब्‍ध रहने की क्षमता हो जाएगी। इसके माध्‍यम से 2 करोड़ लोग प्रतिदिन शुद्ध पेयजल की आपूर्ति कर सकेगे। योजना के माध्‍यम से नगर में निरंतर जल प्रदाय होगा, वहीं आने वाले सिंहस्‍थ महापर्व में भी पानी की कोई परेशानी नहीं रहेगी। शहर को 17 नई टंकी मिल रही है। माता-बहनों को पानी की चिंता नहीं होगी।

माता-बहनों के लिए रोजगार के द्वार भी खुले

मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्‍जैन में निरंतर विकास कार्य के साथ ही रोजगार के अवसर भी उपलब्‍ध कराए जा रहे है। नगर की माता-बहनों को यदि आर्थिक रुप से कोई कठिनाई है तो चिंता की कोई बात नही। माता-बहनें रेडिमेड कपड़े बनाने के कारखाने में रोजगार पा सकती है। महिलाएं रेडिमेड गारमेंट्स के कार्य करेंगी तो हमारी सरकार द्वारा 05 हजार रुपए की राशि पारिश्रमिक में मिलाकर दिए जाएंगे।

“सच्‍चा वादा पक्‍का काम, हमारी सरकार की यही पहचान”

मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सच्‍चा वादा पक्‍का काम हमारी सरकार की यही पहचान। उन्‍होंने कहा कि हमारी सरकार ने पूरे प्रदेश में ही दिल खोलकर विकास कार्यों की सौगात दी है। धार्मिक नगरी उज्‍जैन में कुछ दिन पहले ही 800 करोड़ रूपए की लागत से होने वाले विकास कार्यों की सौगात मिली है वहीं आज 1166.61 करोड़ रुपए की लागत से नगर निगम, स्‍मार्ट सिटी और स्‍वास्‍थ्‍य विभाग के माध्‍यम से विभिन्‍न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया गया। उन्‍होंने कहा कि आज से पहले कभी भी 1 हजार करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों की सौगात नहीं मिली है। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि भगवान महाकाल का आशीर्वाद है तो विकास कार्यों में भी कोई कंजूसी नहीं रखेंगे।

WhatsApp Image 2026 02 11 at 18.51.12 1

उन्‍होंने कहा कि इतनी बड़ी योजनाएं शहर में चल रही है कि पानी के लिए पाइप लाईन शहर में डाली जाएगी। जिसके माध्‍यम से 50 हजार घरों को नल कनेक्‍शन मिल सकेगा। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि हमारा संकल्‍प है मां स्‍वस्‍थ है तो बच्‍चा भी स्‍वस्‍थ हो। इसके लिए हमारी सरकार ने मातृ एवं शिशु पोषण का शुभारंभ भी किया है। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने उज्‍जैन सहित प्रदेश के अन्‍य धार्मिक नगरों में शराबबंदी का निर्णय लिया है।

उन्‍होंने कहा कि आने वाले समय में उज्‍जैन महानगर बनने वाला है। यहां पर चारों और से 04 लेन-6 लेन के मार्गों का निर्माण हो रहा है। आवागमन की सुविधा के लिए कई पुलों का निर्माण किया जा रहा है। शिप्रा तट पर छोटे पुल के समीप ही एक अन्‍य पुल का निर्माण उसके आगे वीर दुर्गादास की छत्री से रणजीत हनुमान मंदिर तक पुल निर्माण के साथ 04 लेन मार्ग, श्री अंगारेश्‍वर मंदिर और सिद्धवट को जोडने के लिए पुल निर्माण, भैरवगढ से पीपलीनाका को जोड़ने के लिए समानांतर पुल के निर्माण सहित कई पुलों का निर्माण किया जा रहा है। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि उज्‍जैन में विकास की गंगा बह रही है।

सिविल हॉस्‍पिटल का 50 बिस्‍तरीय और स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र के उन्‍नयन कार्य का भूमि पूजन किया

मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम के दौरान लोक स्‍वास्‍थ्‍य एवं चिकित्‍सा शिक्षा विभाग के माध्‍यम से सिविल हॉ‍स्‍पिटल जीवाजीगंज का 20 बिस्‍तरीय से 50 बिस्‍तरीय में उन्‍नयन कार्य लागत राशि 17.10 करोड़ रुपए और सिविल डिस्पेंसरी भैरवगढ़ का शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन कार्य लागत राशि 1.60 करोड़ रुपए का भूमि पूजन किया।

प्रोजेक्‍ट स्‍वाध्‍याय के अंतर्गत बच्‍चों को दिए लेपटॉप और प्रशस्‍ति‍ पत्र

मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कालिदास संस्‍कृत अकादमी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्‍ट स्‍वाध्‍याय के अंतर्गत प्रतिभावान विद्यार्थी अवधेश शर्मा व अश्विनी ठाकुर को लेपटॉप और प्रशस्ति पत्र देकर सम्‍मानित किया। जिले में प्रोजेक्‍ट स्‍वाध्‍याय के अंतर्गत विद्यार्थियों में नवाचार, आत्‍मनिर्भर अध्‍ययन एवं डिजिटल कौशल को बढ़ावा देने के लिए यह पहल की गई है। जिसका उद्देश्‍य विद्यार्थियों को केवल पाठ्य पुस्‍तकों त‍क सीमित न रहकर, प्रायोगिक एवं प्रोजेक्‍ट-आधारित सीखने के लिए प्रेरित करना है।

16 डोर टू डोर कचरा गाड़ी एवं 5 अन्‍य वाहन का लोकार्पण

मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कालिदास संस्‍कृत अकादमी परिसर में नगर निगम के 16 नए डोर टू डोर कचरा गाड़ी और 05 अन्‍य वाहनों का लोकार्पण किया। इन वाहनों की लागत 2.36 करोड रुपए है। कार्यक्रम के दौरान ही मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने नगर निगम के सफाई मित्रों को वायरलेस सेट प्रदान किए। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने सफाई मित्रों को पुरस्‍कार देकर सम्‍मानित किया।

आकाशवाणी टीम को वर्ल्‍ड रिकार्ड बनाने पर किया सम्‍मानित

मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने आकाशवाणी इंदौर की टीम को वर्ल्‍ड रिकार्ड बनाने पर सम्‍मानित किया। आकाशवाणी इंदौर की टीम ने भगवान श्री महाकालेश्‍वर की राजसी सवारी नगर भ्रमण पर निकलने के दौरान लगातार 5.40 घंटे सजीव आंखों देखा हाल प्रसारित किया था जो की नॉन स्पोर्ट्स श्रेणी के इवेंट में रेडियो द्वारा अब तब का सबसे लंबा प्रसारण है। आकाशवाणी के इस कार्य को विश्व रिकॉर्ड प्रदान करने वाली एक संस्था “WORLDS GREATEST RECORDS” द्वारा दर्ज किया गया। इस उपलब्धि पर मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने आकाशवाणी इंदौर और आकाशवाणी भोपाल की सहभागी टीम को पुरस्कार प्रदत्त किया।

हमारा सौभाग्‍य है कि विकास कार्यों के साक्षी बन रहे है

मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्‍य आतिथ्‍य में आयोजित विभिन्‍न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री अनिल जैन कालूहेडा ने कहा कि मध्‍यप्रदेश की कमान जब से मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव को मिली है तब से विकास कार्यों की सौगातें मिल रही है। विधायक श्री कालूहेडा ने कहा कि‍ पहले कभी सम्राट विक्रमादित्‍य ने विकास कार्य किए थे। आज के विक्रमादित्‍य के रूप में मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव को विकास कार्य करते हुए देख रहे है। हमारा सौभाग्‍य है कि मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्‍व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों के हम साक्षी बन रहे है।

मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव विकास कार्यों के भागीरथ बने

कार्यक्रम में संबोधित करते हुए महापौर श्री मुकेश टटवाल ने कहा कि मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव के भागीरथी प्रयासों से उज्‍जैन का संपूर्ण विकास हो रहा है। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव के प्रयासों से ही आने वाले सिंहस्‍थ महापर्व 2028 में आने वाले साधु-संत और श्रद्धालु मोक्ष दायिनी मां शिप्रा के जल से स्‍नान कर सकेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कहते है डॉ. मोहन यादव सक्रिय मुख्‍यमंत्री है

कार्यक्रम में उपस्थित नगर निगम अध्‍यक्ष श्रीमती कलावती यादव ने कहा कि देश के प्रधान मंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी कहते है डॉ. मोहन यादव मध्‍यप्रदेश के सक्रि‍य मुख्‍यमंत्री है। वहीं केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी कहते है मध्‍यप्रदेश विकास का हाईवे बनने जा रहा है। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्‍व में मध्‍यप्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है। श्रीमती यादव ने कहा कि पहले गर्मी के दिनों में एक दिन छोडकर जल प्रदाय होता था। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव के प्रयासों से 1133.67 करोड़ रुपए की लागत से हरियाखेडी जलप्रदाय योजना के माध्‍यम से शहर की जनता को फायदा मिलेगा वहीं आने वाले सिंहस्‍थ के लिए यह योजना महत्‍वपूर्ण रहेगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्‍यक्ष श्रीमती कमला कुंवर, डॉ. प्रभुलाल जाटवा, पूर्व मंत्री पारस जैन, राजेंद्र भारती सहित सहित नगर निगम एमआईसी के सदस्‍य उपस्थित रहें।