पुनर्जीवित हो रहा उज्जैन का वस्त्र उद्योग, बेंगलुरु की तरह उज्जैन में भी स्थापित होगा आईटी पार्क- CM डॉ मोहन यादव

65

पुनर्जीवित हो रहा उज्जैन का वस्त्र उद्योग, बेंगलुरु की तरह उज्जैन में भी स्थापित होगा आईटी पार्क- CM डॉ मोहन यादव

उज्जैन को मेडिकल टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में होंगे प्रयास, दक्षिण भारत की प्रमुख वस्त्र इकाई बेस्ट लाइफ स्टाइल का मुख्यमंत्री डॉ यादव ने किया भ्रमण

इंदौर: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि उज्जैन औद्योगीकरण की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। मालवांचल में टेक्सटाइल उद्योग को बढ़ावा देने के लिए प्रोजेक्ट तैयार किया जाएं। महिला सशक्तिकरण की दिशा में टेक्सटाइल उद्योग अहम भूमिका निभाएगा। उद्योगों में महिला सुरक्षा के लिए भी पुलिस प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज उज्जैन के नागझिरी स्थित बेस्ट लाइफ स्टाइल इंडस्ट्रीज (वस्त्र उद्योग) का भ्रमण किया। उन्होंने यहां लगभग 1000 से अधिक महिलाओं द्वारा किए जा रहे वस्त्र निर्माण के कार्यों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कार्यरत महिलाओं से आत्मीय चर्चा कर उनके कार्यों के गुणवत्ता की सराहना भी की। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने स्वयं मशीन भी चलाई। उद्योग में कार्यरत लगभग एक हजार से अधिक महिलाओं ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर श्री मुकेश टटवाल, श्री विवेक जोशी, कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती ज्योति सिंह, कार्यकारी संचालक मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम उज्जैन श्री राजेश राठौड़ सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने बेस्ट लाइफ स्टाइल कार्यालय में अधिकारियों के साथ उज्जैन मं औद्योगिक विकास की गतिविधियों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा को उज्जैन को मेडिकल टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में तेजी से प्रयास किए जाए। देश के प्रमुख उद्योगपति उज्जैन में अपनी औद्योगिक इकाई स्थापित करने के लिए लालायित है। ऐसे सभी प्राप्त प्रस्तावों में निवेश के लिए शीघ्र भूमि उपलब्ध कराई जाएं। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि बेंगलुरु की तरह उज्जैन में भी आईटी पार्क स्थापित किया जाए जिससे मालवा के आईटी इंजीनियर को रोजगार प्राप्त हो सकेगा । उन्होंने जल्द आईटी पार्क के लिए भूमि आवंटन किए जाने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि उज्जैन का समृद्ध वस्त्र उद्योग अब पुनर्जीवित हो रहा है। अमेरिका और कनाडा जैसे देशों को उज्जैन कपड़ा पहना रहा हैं। उज्जैन की महिलाओं के कौशल का डंका पूरे विश्व में बज रहा है। उन्होंने कहा कि इंदौर की तरह उज्जैन में भी रेडीमेड कांप्लेक्स, प्लग एंड प्ले का विकास किया जाए। उन्होंने विक्रम उद्योग की सफलता को और अधिक विस्तार देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने किसानों को कपास की खेती के लिए भी प्रोत्साहित करने की बात कही।

बैठक में बेस्ट लाइफ स्टाइल के वाइस प्रेसिडेंट श्री पुनीत जैन ने बताया कि उज्जैन की बेस्ट लाइफ की इकाई देश की बड़ी वस्त्र उद्योग इकाइयों में से एक है। यहां प्रतिदिन एक लाख से अधिक वस्त्र उत्पाद बनाए जा रहे हैं, जो अमेरिका, कनाडा जैसे देशों को निर्यात हो रहे हैं। उज्जैन की महिलाएं यहां विश्व स्तरीय कौशल सीख रही हैं। उज्जैन की बेस्ट लाइफ स्टाइल में 358 करोड़ का निवेश है, जिससे लगभग एक हजार से अधिक महिलाओं को रोजगार प्राप्त हो रहा है जिसे बढ़ाकर 4 हजार महिलाओं तक किया जाएगा।

कार्यकारी संचालक एमपीआईडीसी श्री राठौर ने बैठक में उज्जैन में औद्योगिक विकास का रोड मैप प्रस्तुत किया, जिसमें प्रमुख रूप से प्रस्तावित आईटी पार्क, रेडीमेड कांप्लेक्स, प्लग एंड प्ले और विक्रम उद्योगपुरी के विस्तार की योजना में गति लाने के संबंध में जानकारी दी गई।