मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत मंदसौर जिले के बेहपुर में 126 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न

82

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत मंदसौर जिले के बेहपुर में 126 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न

सामाजिक न्याय विभाग, जनपद पंचायत एवं संत रोटीराम गौशाला के संयुक्त तत्वावधान में द्वितीय निःशुल्क सामूहिक विवाह समारोह हुआ

मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट

मंदसौर। जिले के ग्राम बेहपुर में लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत निःशुल्क सर्व समाज कन्याओं का सामूहिक विवाह शुक्रवार को हुआ।

सामाजिक न्याय विभाग जनपद पंचायत मंदसौर एवं संत रोटीराम गौशाला समिति के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम बेहपुर में 126 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इनमें से 60 जोड़ों ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का लाभ प्राप्त किया। योजना के तहत लाभान्वित प्रत्येक वधू को राज्य सरकार द्वारा 49 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में साधु-संतों का सान्निध्य प्राप्त हुआ।

WhatsApp Image 2026 02 20 at 18.58.42 1

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार, पूर्व विधायक एवं प्रदेश भाजपा प्रवक्ता श्री यशपाल सिंह सिसोदिया, वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम पूर्व अध्यक्ष श्री तपन भौमिक, जिला योजना समिति सदस्य एवं जिला भाजपा अध्यक्ष श्री राजेश दीक्षित, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री बसंत शर्मा, पूर्व विधायक एवं पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री राजेन्द्र सिंह सिसोदिया पूर्व अध्यक्ष भाजपा श्री नानालाल अटोलिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, वर-वधू के परिजन एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि विवाह हमारी संस्कृति की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है, जो समाज और परिवार की आधारशिला है। सामूहिक विवाह सम्मेलन आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए सहयोग और संबल का प्रतीक हैं। सरकार गरीब परिवारों के साथ मित्र बनकर सदैव खड़ी है।

WhatsApp Image 2026 02 20 at 18.58.42

उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा के 16 संस्कारों में पाणिग्रहण संस्कार अत्यंत पवित्र एवं महत्वपूर्ण है। विवाह दो परिवारों और दो संस्कारों का मिलन है। यह संस्कार हमारी संस्कृति एवं परंपरा की गरिमा को दर्शाता है। विवाह के माध्यम से कन्या अपने नए जीवन की शुरुआत करती है और माता-पिता का आशीर्वाद उसके जीवन को नई दिशा देता है।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का उद्देश्य बेटियों को सम्मानपूर्वक विदा करने के साथ-साथ उनके नए जीवन की शुरुआत को आर्थिक संबल प्रदान कर सशक्त आधार देना है। कार्यक्रम के अंत में सभी नवविवाहित जोड़ों को सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दी गईं तथा उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर एवं सुखमय जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया। सामूहिक विवाह समारोह संचालन वरिष्ठ पत्रकार श्री ब्रजेश जोशी ने किया। आयोजन समिति सदस्य एवं पदाधिकारी दशरथ दास बैरागी जनपद सदस्य एवं सचिव बाबूलाल टांक मोती सिंह सिसोदिया वीरेंद्र सिंह राठौर एवं गौशाला समिति सदस्य के नेतृत्व में लगातार दूसरी बार सामूहिक विवाह समारोह हुआ।

इस मौके पर ग्राम बेहपुर चांदा खेड़ी खजुरिया सारंग सगवाली भंडारिया निंबोद मजेसरी खोडाना देहरी नांदवेल करजू आकोदड़ा आदि स्थानों से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की उपस्थिति रही।