केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज भोपाल में, झीलों की नगरी में होगा भव्य स्वागत

492

भोपाल। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह 22 अप्रैल को एक दिवसीय भोपाल प्रवास पर आ रहे हैं। इस दौरान वह अन्य कार्यक्रमों के साथ ही एक घंटे से अधिक समय भाजपा प्रदेश कार्यालय में उपस्थित रहेंगे और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और प्रदेश सरकार के मंत्रीगणों से अनौपचारिक भेंट करेंगे।

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में अपार जोश है। केन्द्रीय गृह मंत्री के भोपाल प्रवास की जानकारी देते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि भारत के गृह मंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह और उमंग है। व्यापक स्तर पर पार्टी ने स्वागत की तैयारियां की है। शर्मा ने कहा कि राजा भोज की नगरी भोपाल में केन्द्रीय गृह मंत्री का कार्यकर्ताओं द्वारा ऐतिहासिक और भव्य स्वागत होगा।

शर्मा ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी प्रातः 10.30 बजे भोपाल हवाई अड्डा पहुंचेंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ता उनकी अगवानी करेंगे। प्रातः 11.10 बजे सीएपीटी भोपाल पहुंचकर वृक्षारोपण कर 48 वीं अखिल भारतीय पुलिस विज्ञान कांग्रेस के कार्यक्रम में शामिल होंगे। श्री शाह दोपहर 1.30 बजे मुख्यमंत्री आवास पहुंचेंगे। दोपहर 2.15 बजे लाल परेड ग्राउंड से हेलीकॉप्टर द्वारा जंबूरी मैदान पहुंचेंगे। दोपहर 2.35 बजे जंबूरी मैदान में वन समितियों के सम्मेलन को संबोधित करने के बाद शाह शाम 4.27 बजे हेलीकॉप्टर से लाल परेड ग्राउंड पहुंचेंगे।

5 नं. स्थित श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर से प्रदेश कार्यालय तक कार्यकर्ता करेंगे ऐतिहासिक स्वागत

केन्द्रीय गृह मंत्री के स्वागत को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने व्यापक तैयारियां की है। प्रदेश कार्यालय सज धज कर तैयार है। कार्यालय परिसर को आकर्षक रूप से सुसज्जित किया गया है।
उन्होंने बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्री जंबूरी मैदान के कार्यक्रम के बाद लाल परेड ग्राउंड होते हुए भाजपा कार्यालय रवाना होंगे।

5 नं. स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर से प्रदेश कार्यालय तक केन्द्रीय गृह मंत्री का कार्यकर्ता, विभिन्न सामाजिक संगठन और नागरिक स्वागत करेंगे। शाह शाम 5.05 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय, पं. दीनदयाल परिसर पहुंचकर महापुरूषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। माल्यार्पण के पश्चात शाह जी प्रदेश पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश सरकार के मंत्रीगणों से अनौपचारिक भेंट करेंगे।

कार्यालय से केन्द्रीय गृह मंत्री सायं 6.15 बजे सड़क मार्ग से लाल परेड ग्राउंड पहुंचेगे। शाम 6.35 बजे हेलीकॉप्टर से लाल परेड ग्राउंड से स्टेट हैंगर पहुंचकर रात्रि 8.05 बजे विमान द्वारा दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।