MP में बेमौसम बारिश और ओले: मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की बुलाई बैठक

697

MP में बेमौसम बारिश और ओले: मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की बुलाई बैठक

भोपाल: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के कई जिलों में बेमौसम बारिश और ओले गिरने से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अभी 11:00 बजे एक बैठक रखी है।

इस बैठक में मुख्यमंत्री अधिकारियों को फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए आवश्यक निर्देश देंगे।

माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री किसानों के लिए कुछ महत्वपूर्ण घोषणा भी कर सकते हैं।

बताया गया है कि बारिश और ओलावृष्टि से प्रदेश के 25 जिलों में गेहूं और चना की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।

कई स्थानों पर खेतों में फसल काटने की स्थिति में है और कई स्थानों पर फसलें कट चुकी है। दोनों ही स्थितियों में फसलों को नुकसान पहुंचा है।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अलग-अलग स्थानों पर बने पांच वेदर सिस्टम के असर से प्रदेश के अधिकतर शहरों में बादल छाए हुए हैं। अभी भी कई स्थानों पर बारिश के आसार दिखाई दे रहे हैं।

इसी बीच राज्य सरकार ने कलेक्टरों को फसलों में हुए नुकसान का सर्वे करके किसानों को राजस्व परिपत्र पुस्तक के प्रावधान अनुसार आर्थिक सहायता तत्काल देने के निर्देश जारी किए हैं।