Uproar Over Child’s Death : 11 साल की मन्नतों के बाद हुए बेटे की अस्पताल में मौत!

परिजनों का अस्पताल पर गलत इलाज का आरोप, भारी हंगामा, प्रदर्शन किया!

380

Uproar Over Child’s Death : 11 साल की मन्नतों के बाद हुए बेटे की अस्पताल में मौत!

Indore : 11 साल बाद की मन्नतों के बाद पैदा हुए इकलौते ढाई साल के बेटे की शुक्रवार को चाचा नेहरू अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मां, रानी और दादी मृत बच्चे के शव से लिपटकर रोते रहे। वहीं पिता बाहर गलियारे में बैठकर बेटे की याद में बिलखता रहा। आसपास खड़े परिजन उन्हें संभालते रहे। डॉक्टरों के खिलाफ सभी में गुस्सा साफ नजर आ रहा था।

परिजनों का आरोप है कि बच्चा खेल रहा था, नर्स ने 15 मिनिट में उसे तीन इंजेक्शन लगा दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। शरद पुत्र प्रकाश बिल्लौरे (ढाई वर्ष) निवासी रूस्तम का बगीचा को दस्त लग गए थे। उसे इलाज के लिए सुबह करीब 5 बजे एमजीएम के चाचा नेहरू अस्पताल में लेकर आए। यहां उसे भर्ती कर लिया गया। सुबह 11 बजे उसे उल्टी होने लगी, पिता नर्स को बुलाकर लाए और उसे इंजेक्शन लगाया, इसके बाद उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद बड़ी संख्या में परिवार के लोग अस्पताल में पहुंचे और उन्होंने जमकर हंगामा किया।

WhatsApp Image 2023 10 07 at 1.14.32 PM

पुलिसकर्मी भी मौके पर समझाइश के लिए पहुंचे, लेकिन वे डॉक्टर को बुलवाने की मांग पर अड़े रहे। बच्चे की बड़ी मां रंजीता ने बताया कि शादी के 11 साल बाद यह पहला बच्चा था। काफी मन्नतों के बाद हुआ था। बच्चे को घर पर सिर्फ दस्त लगे थे, वह अस्पताल में ठीक था। सभी से बातें भी कर रहा था, जैसे ही उसे इंजेक्शन लगाया, उसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसकी मौत हो गई। इसके बाद नर्स बच्चे की फाइल लेकर वहां से निकल गई।

पांच घंटे तक अस्पताल में हंगामा
बच्चे की मौत सुबह 11 बजे हुई थी। इसके बाद बड़ी संख्या में परिजन एकत्रित हो गए। डॉक्टरों को बुलाने की मांग की गई, लेकिन कोई नहीं आया। पहले उन्होंने वार्ड के बाहर हंगामा किया और उसके बाद वहां गेट के सामने बैठ गए। करीब चार बजे परिजन पंचनामा बनावने के लिए तैयार हुए। शिशु रोग विभाग के प्रोफ़ेसर डॉ निर्भय मेहता का कहना है कि यह बच्चा ढ़ाई साल का था। बुखार और पेट में इंफेक्शन के चलते गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती किया गया था। उसे उल्टी-दस्त बंद नहीं हो रहे थे। डाक्टरों की टीम ने बच्चे को बचाने का पूरा प्रयास किया।