
Vande Matram Dispute: राष्ट्रगीत का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है, ऐसे मामलों में कार्रवाई की जाएगी-PCC चीफ पटवारी
इंदौर: वंदे मातरम विवाद पर आखिरकार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रगीत का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और ऐसे मामलों में कार्रवाई की जाएगी।
पटवारी ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो दल अपनी मातृ संस्था के जरिए वर्षों तक अपने कार्यालयों में तिरंगा नहीं फहराता था, वही आज कांग्रेस को राष्ट्रभक्ति का पाठ पढ़ाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान कांग्रेस की विचारधारा और इतिहास का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। आजादी की लड़ाई के दौरान कांग्रेस ने “वंदे मातरम” के नारे के साथ संघर्ष किया, इसलिए देशभक्ति के लिए किसी प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है।
रुबीना इकबाल प्रकरण पर उन्होंने कहा कि मामला पार्टी की अनुशासन समिति के पास है और जल्द ही इस पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है। हालांकि इसे गाना या न गाना व्यक्तिगत स्वतंत्रता हो सकती है, लेकिन सार्वजनिक रूप से इसका विरोध करना उचित नहीं है और कांग्रेस ने इसे गंभीरता से लिया है।
इसके साथ ही पटवारी ने राज्य सरकार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दूषित पानी के कारण 35 लोगों की मौत जैसे गंभीर मुद्दे पर सरकार जवाब देने से बच रही है। आठ हजार करोड़ के बजट के बावजूद ऐसी घटनाएं होना चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार प्रदेश को जकड़ चुका है और जनता से जुड़े मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए सांप्रदायिकता का सहारा लिया जा रहा है।





