जीत ही मिशन, जुटी सरकार और संगठन… 

जीत ही मिशन, जुटी सरकार और संगठन… 

जाट महाकुंभ और कुशवाहा कुंभ के साथ मध्यप्रदेश सरकार समाजों को यह संदेश दे रही है कि सरकार हर कदम पर उनके साथ है, तो प्रदेश संगठन हर बूथ पर विजय की रणनीति को सफल बनाने और सरकार की योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं से परिश्रम की पराकाष्ठा करने के मंत्र पर अमल करने की अपील कर रहा है। सरकार और संगठन मिलकर अब इस तरह मध्यप्रदेश में जीत के मिशन पर अपने कार्यों और कार्यकर्ताओं के संग आगे बढ़ रहे हैं। जाट महाकुंभ में जहां शिवराज सिंह चौहान ने जाट नेतृत्व कमल पटेल और वरिष्ठ नेता विक्रम वर्मा के साथ मंच पर भगवान शिव का स्मरण किया, तो सागर में कुशवाहा कुंभ में भी राम और कुश का आह्वान किया। वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने सहस्त्रबाहु को नमन कर कार्यकर्ताओं से परिश्रम की पराकाष्ठा का आह्वान किया।
शिवराज ने मन की बात कही कि बचपन से ही मुझे जाट समाज का प्यार और आशीर्वाद मिला है। इमरजेंसी में, मैं जेल में बंद था छूट कर आया जनता पार्टी का काम शुरू किया। मुझे घर से निकाल दिया कि यह फिर से जेल जाएगा। मुझे घर में सहारा देने वाले जैत के विक्रम सिंह जाट थे। ये नारोलिया जी नारायणपुर से इनका गहरा रिश्ता है और विद्यार्थी परिषद हो या भारतीय जनता पार्टी आशीर्वाद मिला विक्रम वर्मा जी का और फिर साथ मिला कमल पटेल जी का। याद दिलाया कि जाट समाज की उत्पत्ति भगवान शिव की जटाओं से ही हुई है। इसके बाद शिवराज ने जाट समाज के शौर्य और शूरवीरों को याद किया। चाहे आतताई मुगल हो, चाहे देश में आक्रमण करने वाले बाकी कोई आक्रमणकारी हों, जाट वीर योद्धाओं ने इनके दिमाग भी ठिकाने लगा दिए और पैर नहीं जमने दिया, खदेड़ खदेड़ कर मारा है। औरंगजेब के खिलाफ संगीन विद्रोह का बिगुल बजाने में भरतपुर के शासक राजाराम जाट जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। महाराजा सूरजमल और उनके पुत्र जवाहर सिंह उनके शौर्य और पराक्रम का कोई स्थान नहीं है। राजा नाहर सिंह, हीरासिंह नावा, भूपेंद्र सिंह, रघुनाथ सिंह, राजा महेंद्र प्रताप सिंह कई जाट शासक ऐसे रहे हैं जिन्होंने इतिहास में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। जाट समुदाय से ही आने वाले स्वामी केशवानंद जी का स्वतंत्रता संग्राम और समाज सुधार में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। तो यह भी स्पष्ट किया कि मध्यप्रदेश को हम केरल स्टोरी नहीं बनने देंगे। मध्यप्रदेश की धरती पर आतंक को कोई जगह नहीं है। हमने पहले भी सिमी के नेटवर्क को ध्वस्त किया है। चंबल से डकैतों के आतंक को समाप्त किया है। नक्सलवाद छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की सीमा तक सीमित रह गया है। इस्लामिक संगठन हिज्ब-उत-तहरीर पर एटीएस ने तुरंत कार्रवाई प्रारंभ की। एटीएस को निर्देश भी दिए ऐसी गतिविधियां किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी इन्हें जड़ से समाप्त करना है। इनका नेटवर्क ऐसा है, जो कई लोगों की जिंदगी भी तबाह करता है। इनका जो पैटर्न है पहले धर्मांतरण करो, धर्मांतरण करके और फिर बेटी से शादी करके उसे भी धर्मांतरित करो और उसके बाद उसे आतंकवाद के दलदल में धकेल दो। यह मध्य प्रदेश को किसी भी कीमत पर हम केरल स्टोरी नहीं बनने देंगे।लव – जिहाद धर्मांतरण यह कुचक्र नहीं चलेगा।
सागर में आयोजित संभागीय कुशवाह समाज सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधा कि झूठी कर्ज माफी की घोषणा के कारण किसान डिफॉल्टर हो गए ब्याज की गठरी सर पर चढ़ गई हमने तय किया किसान को परेशान नहीं होने देंगे फॉर्म भरवा कर जितना भी कर्ज होगा वह हम भरेंगे। हम उस समाज से हैं जिस समाज से चंद्रगुप्त मौर्य ने जन्म लिया हम उस समाज के हैं जिस समाज में सम्राट अशोक जैसे महान शासक ने जन्म लिया।जो देश भगवान राम को मानता है हम उसकी वंश परंपरा से हैं आप देखेंगे इतिहास में कुशवाहा सम्राटों ने कई स्वतंत्र राज्य और रियासतें बनाई थी। अलवर, आमेर, मैहर यहां कुशवाहा का शासन रहा है लेकिन शासन भी किया तो सेवा की भावना के साथ किया सभी समाज का कल्याण और उत्थान करने का काम किया। हम मेहनती हैं हम परिश्रमी हैं हम ईमानदार हैं हम देश की सेवा में अपना सर्वस्व निछावर करने में कोई कसर नहीं छोड़ते। ऐसे पवित्र कुशवाहा समाज के सभी भाइयों और बहनों को इस कुशवाह कुंभ में मैं दोनों हाथ जोड़कर शीश कर प्रणाम करता हूं। एक बात इस मंच के सामने और आपके सामने कहना चाहता हूं यह देश भक्त समाज केवल अपने लिए नहीं दूसरों के कल्याण के लिए भी काम करने वाले समाज के कल्याण में हम कोई कसर नहीं रखेंगे यह मैं आपको वचन देता हूं। मैं आपको वचन देता हूं हमारा समाज राजनीतिक दृष्टि से भी आगे बढ़े इस में कोई कसर नहीं रहेगी। हमने फैसला किया कुशवाहा समाज और अन्य पिछड़े समाज के लोग चाहे वह चुनाव हो बीच में कांग्रेस के षड्यंत्र के कारण ऐसी स्थिति बन गई थी कि पिछड़ों का आरक्षण खत्म हो गया था। कोर्ट ने यह आदेश दिया था बिना पिछड़े वर्ग के ही चुनाव संपन्न कराए जाएं। लेकिन हमने यह ठान लिया था बिना पिछड़े वर्ग के पंचायत के और नगरी निकाय के चुनाव नहीं होंगे। प्रतिभाशाली बच्चों और महिलाओं के हित में लिए गए फैसलों की जानकारी देने के साथ शिवराज ने भगवान कुश की स्मृति में उनकी पूजा के लिए कोई अच्छा स्थान विकसित करने का फैसला लेने की अपील कुशवाहा समाज से की। भरोसा दिलाया कि उसमें जितनी राशि लगेगी मैं भारतीय जनता पार्टी की सरकार के खजाने से दूंगा। समाज कल्याण बोर्ड भी हम बनाएंगे और बोर्ड के अध्यक्ष को हम मंत्री का दर्जा भी देंगे। हम सब भगवान राम की परंपरा से आते हैं। भगवान कुश के वंशज हैं।
वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने भोपाल के शाहपुरा में बूथ विजय संकल्प अभियान को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता देवतुल्य हैं। कार्यकर्ता के अथक परिश्रम और समर्पण के बल पर भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी बनी है। बूथ विजय संकल्प अभियान के माध्यम से कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचकर पार्टी की रीति-नीति एवं केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से जोड़ने का काम करेंगे। इस अभियान से प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता परिश्रम की पराकाष्ठा कर पार्टी के 51 प्रतिशत वोट शेयर के लक्ष्य को प्राप्त करने में सफलता हासिल करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ विजय का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के पूर्व में उन्होंने शाहपुरा स्थित राजराजेश्वर कार्तवीर्यार्जुन सहस्त्रबाहु मंदिर में पूजन-अर्चन कर प्रदेशवासियों की सुख समृद्वि व खुशहाली की कामना की। कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर गरीब को लाभ देने का काम करते हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार विभिन्न जनहितैषी योजनाओं के माध्यम से गरीबों का जीवन बदलने का काम कर रही हैं। कार्यकर्ताओं की सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ’’सबका साथ- सबका विकास- सबका विश्वास’’ के मूलमंत्र के साथ काम कर रही हैं। केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभ से कोई गरीब वंचित है तो मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, बूथ की समिति, पन्ना प्रमुख और पन्ना समिति के सदस्य उन्हें लाभ दिलाने का काम करें। कांग्रेस पर निशाना साधा कि 15 महीने की सरकार में महिलाओं की सुध नहीं ली, अब 1500 रूपए देने का झूठ और भ्रम फैला रही है। मुख्यमंत्री शिवराजिंसह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लाडली बहनों के खाते में 1000 रूपए डालेगी। आगामी 1 तारीख से बूथ समिति के सभी कार्यकर्ता घर-घर जाकर जिस बहन को एक हजार मिलेंगे, उन्हें स्वीकृति पत्र देकर भाजपा सरकार की योजनाओं को विस्तार से बतायेंगे। 22 प्रकार के करणीय कार्यों को बूथ पर निरंतर करना है। बूथ के नवमतदाताओं के साथ विभिन्न समाजों के प्रमुखों से मिलकर उन्हें पार्टी की रीति-नीति से अवगत कराना बूथ समिति, पन्ना प्रमुख और बूथ अध्यक्ष की जिम्मेदारी है। 80 वर्ष के नागरिकों को घर से ही वोट डालने का अधिकार है, ऐसे मतदाताओं से संपर्क कर भाजपा को वोट देने के लिए प्रेरित करना हमारा कर्तव्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर 30 मई से 30 जून तक कार्यक्रम चलाया जाएगा। जिसमें प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी भूमिका का निर्वहन करें।
सरकार और संगठन की हर बात साफ तौर पर यही बयां कर रही है कि पार्टी की विचारधारा पर ही जीत की इमारत खड़ी करके रहेंगे। परिश्रम की पराकाष्ठा से कोई समझौता नहीं होगा और सरकार के कामों की ध्वनि जन-जन तक पहुंचाकर कांग्रेस की एक भी नहीं चलने देंगे। कर्नाटक विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद शिव-विष्णु के बीच मंथन के बाद भाजपा ने अब जीत के मिशन की नई रणनीति पर अमल शुरू कर दिया है।
Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।