Violence & Firing During Voting : मतदान के दौरान कई इलाकों में हिंसा, गोलियां चली!  

संभावित गड़बड़ी को देखते हुए कई उम्मीदवारों को नजरबंद किया गया!

1341

Violence & Firing During Voting : मतदान के दौरान कई इलाकों में हिंसा, गोलियां चली!  

Bhopal : प्रदेश में मतदान के पूर्व और मतदान के दौरान कई जगह से हिंसा और गोली चलाने की ख़बरें सामने आई। सबसे ज्यादा मारपीट और उपद्रव की जानकारी मुरैना जिले की दिमनी विधानसभा से मिली जहां से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भाजपा के टिकट पर मैदान में हैं। इसके अलावा छतरपुर और मुरैना में भी गोलियां चलने की खबरें हैं। संभावित गड़बड़ियों को देखते हुए ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के कई उम्मीदवारों को नजरबंद किया गया है।

वहीं झाबुआ, नर्मदापुरम में भी भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई। छतरपुर जिले की राजनगर सीट से उम्मीदवार नाती राजा के ड्राइवर सलमान की हत्या होने की शिकायत की गई। जबकि दिमनी और मुरैना में भी गोलीबारी हुई। जानकारी के मुताबिक जब पुलिस से स्थिति काबू में नहीं आई तो CRPF ने मोर्चा संभाला और गड़बड़ी करने वालों को पकड़ा।

मुरैना जिले की हाईप्रोफाइल सीट दिमनी में सुबह दो बार फायरिंग हुई, जिसमें 4 लोग घायल हुए। उधर दिमनी में ही भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच ट्रैक्टर पर साउंड बजाने को लेकर विवाद हुआ जिसमें गोलियां चली। झाबुआ में कांग्रेस उम्मीदवार विक्रांत भूरिया की गाड़ी पर जमकर पथराव किया। नर्मदापुरम के माखन नगर में भी भाजपा कार्यालय में तोडफ़ोड़ की गई। महू में कांग्रेस के दो कार्यकर्ता आपसी मारपीट में घायल हुए। इंदौर की भी सीट नंबर-3 और नंबर-4 में विवाद और भगदड़ हुई।

IMG 20231117 WA0130

ग्वालियर-चंबल संभाग में कई उम्मीदवार नजरबंद  

चंबल क्षेत्र के जिलों में चुनाव के दौरान हिंसा की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने उम्मीदवारों को ही नजरबंद कर दिया। भिंड की लहार विधानसभा के कांग्रेस उम्मीदवार डॉ गोविंद सिंह, भाजपा के अंबरीश शर्मा और बसपा के रसालसिंह रेस्ट हाउस में नजर बंद किए गए। भिंड से भाजपा उम्मीदवार नरेंद्र सिंह कुशवाह, बसपा के संजू कुशवाह और कांग्रेस उम्मीदवार राकेश चौधरी, अटेर के भाजपा उम्मीदवार अरविंद भदौरिया, कांग्रेस के हेमंत कटारे, मुरैना में भाजपा उम्मीदवार एदल सिंह कंसाना को प्रशासन ने सुरक्षा और गड़बड़ी को देखते हुए नजरबंद किया।