

Virat Kohli’s New Record : विराट कोहली के नाम एक और महारिकॉर्ड, IPL के 8 सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए!
Mumbai : विराट कोहली ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आईपीएल 2025 में उनका बल्ला अभी थमा नहीं है। 36 साल की उम्र में भी वे टी20 जैसे फॉर्मेट में सभी खिलाड़ियों पर भारी पड़ रहे हैं। आईपीएल में विराट कोहली के नाम कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज हैं। इस लिस्ट में उन्होंने अब एक और कारनामा जोड़ दिया है। मौजूदा सीजन के 52वें मैच में भी विराट ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ एक अर्धशकीय पारी खेली, इसके साथ उन्होंने एक महारिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने 8 सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए।
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच में विराट कोहली ने 33 गेंदों पर 62 रनों की पारी खेली। जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। विराट ने ये रन 187.87 की स्ट्राइक रेट से बनाए, जो आमतौर पर देखने को नहीं मिलता। इस मैच में उन्होंने शुरुआत से ही तेज गति से रन बनाए और टीम को एक दमदार शुरुआत दिलाई। इस पारी के साथ उन्होंने आईपीएल 2025 में अपने 500 रन पूरे कर लिए। वे इस सीजन में 500 रन का आंकड़ा छूने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं।
500 से ज्यादा रन और किसने बनाए
विराट कोहली ने 500 रन पूरे करते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने इस लीग में 8वीं बार एक सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। इसके साथ वे आईपीएल में सबसे ज्यादा सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले वे इस लिस्ट में डेविड वॉर्नर के साथ बराबरी पर थे। डेविड वॉर्नर ने आईपीएल के 7 सीजनों में ये कारनामा किया। लेकिन, विराट अब उसने आगे निकल गए। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर केएल राहुल हैं, जिन्होंने 6 सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए। शिखर 5 बार के साथ चौथे नंबर पर हैं।
कब और कितने रन बनाए विराट ने
विराट कोहली ने आईपीएल के एक सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाने का कारनामा सबसे पहले 2011 में किया, तब उन्होंने 557 रन बनाए थे। इसके बाद साल 2013 में वह 634 रन बनाने में सफल रहे। साल 2015 में उनके बल्ले से 505 रन देखने को मिले। 2016 के सीजन में तो उन्होंने 973 रन बनाए, जो एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी है। फिर विराट ने साल 2018 में 530 रन, साल 2023 में 639 रन और साल 2024 में 741 रन बनाए थे। यानी उन्होंने इस बार भी 500 से ज्यादा रन बनाकर लगातार तीन सीजन में ये कारनामा करने का रिकॉर्ड भी बना दिया।