Voting & Controversy : महू, इंदौर-3 और इंदौर-4 में झड़प, सिंधी कॉलोनी में विवाद, पुलिस ने खदेड़ा!

812

Voting & Controversy : महू, इंदौर-3 और इंदौर-4 में झड़प, सिंधी कॉलोनी में विवाद, पुलिस ने खदेड़ा!

दोपहर तक इंदौर में औसतन 40% वोटिंग, कई जगह छिटपुट घटनाएं पर स्थिति काबू में!

इंदौर। जिले की सभी 9 विधानसभा सीटों पर सुबह से वोटिंग जारी है, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। सुबह से मतदान केंद्रों पर लम्बी लाइनें देखी गई, जो दोपहर होने तक कम होती गई। दोपहर 1 बजे तक औसत 37.42% वोटिंग हुई। शहरी सीटों पर वोटिंग की धीमी है। सबसे कम इंदौर-3 में 32% जबकि सबसे ज्यादा देपालपुर में 46% वोट डले। लेकिन, अन्य सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मतदान का प्रतिशत 40 से ज्यादा है।

कुछ जगहों पर छिटपुट घटनाओं की भी जानकारी सामने आई। महू विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प में दो कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए हैं। इस मामले में एक भाजपा कार्यकर्ता को हिरासत में लिया गया है। महू तहसील के मांगलिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं दयाराम व तोलाराम पर धारदार हथियार से हमला किया गया। पुलिस ने आरोपी भाजपा कार्यकर्ता बीरबल को पकड़ा है। विधानसभा इंदौर-4 के सिंधी कॉलोनी में भी विवाद हुआ। यहां कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़े। स्थिति संभालने के लिए पुलिस को हल्का लाठी चार्ज करना पड़ा। भाजपा उम्मीदवार मालिनी गौड़ के बेटे एकलव्यसिंह गौड़ भी वहां नजर आए। इसके बाद जूनी इंदौर थाने पर भी हंगामा हुआ।

इंदौर विधानसभा-3 के रावजी बाजार के श्रीगौड़ विद्या मंदिर स्थित मतदान केंद्र पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकताओं में आईडी चेक करने की बात पर तनातनी हुई। हंगामे के बीच पुलिस ने मोर्चा संभाला और सभी को हिदायत देकर तितर बितर किया। बाद में वहां सख्ती से आईडी प्रूफ चेक किए गए। गाड़ी क्षेत्र की अड्डा हरिजन कॉलोनी के एक बूथ पर भी फर्जी मतदाता को पकड़ा गया।

WhatsApp Image 2023 11 17 at 2.33.31 PM

इंदौर-3 के कांग्रेस उम्मीदवार दीपक पिंटू जोशी ने फर्जी मतदाताओं की शिकायत निर्वाचन आयोग से की है। उन्होंने 11 लोगों की नाम और पिता के नाम को लेकर एक सूची भी मतदाता क्रमांक के साथ आयोग को दी है। जोशी का आरोप है कि यहां फर्जी मतदान किया जा रहा, इसे तुरंत रोका जाए। फर्जी मतदान की आशंका के चलते इंदौर-3 के बूथ नं. 193 विवेकानंद पोलिंग बूथ पर कांग्रेस के संभागीय प्रवक्ता अभिकर्ता के रूप में बैठे। वेंकटेश नगर स्थित सेंट गिरी स्कूल में ईवीएम में खराबी आ गई थी। जिसे सुधारा गया। इस कारण मतदाताओं की लाइन लंबी हो गई। इंदौर-4 में सभी वार्ड में ढोलक बजाकर घरों से वोट डालने के लिए भाजपा के लोगों ने मतदाताओं से अपील की।

किसने कहां मतदान किया
इंदौर की विधानसभा-1 के उम्मीदवार और भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर-2 के उम्मीदवार रमेश मेंदोला और परिवार के साथ वोट डाला। राऊ के कांग्रेस उम्मीदवार जीतू पटवारी ने गाय की पूजा करने के बाद मतदान किया । इंदौर-3 के कांग्रेस प्रत्याशी पिंटू जोशी ने सुबह खजराना गणेश के दर्शन किए। सोनकच्छ से कांग्रेस के उम्मीदवार सज्जनसिंह वर्मा ने इंदौर की पलसीकर कॉलोनी गोल बगीचा के पास गणेश विद्या मंदिर स्कूल मतदान केंद्र पर वोट डाला। इंदौर-4 के उम्मीदवार राजा मंधवानी ने भी वोटिंग की।