Wall Collapse, 2 Killed : उज्जैन में महाकाल मंदिर के गेट के पास दीवार गिरने से 2 की मौत! 

मृतकों के परिजनों 4-4 लाख और घायलों को 50 -50 हजार की सहायता दी जाएगी!

268

Wall Collapse, 2 Killed : उज्जैन में महाकाल मंदिर के गेट के पास दीवार गिरने से 2 की मौत! 

     Ujjain : शुक्रवार शाम तेज बारिश के कारण महाकाल मंदिर के गेट नंबर चार के पास की एक दीवार ढह गई। पानी के तेज बहाव से रिटेनिंग वॉल ढह गई। इसकी चपेट में आने से वहां नीचे दुकान लगाकर बैठे चार लोग दब गए। मलबे में दबने से दो लोगों की मौत हो गई और दो घायल हो गए। एक महिला और 3 साल की मासूम को इंदौर रेफर किया गया है।

IMG 20240927 WA0172

    हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। तेज बारिश के बीच ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया। उज्जैन कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने कहा कि एसडीएम इस पूरे मामले की जांच करेंगे। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, संभागायुक्त समेत अन्य प्रशासनिक अफसर जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात की। डॉक्टरों को उनके उचित इलाज के निर्देश दिए।

    बताया गया है कि महाकाल मंदिर के पास महाराजवाड़ा स्कूल में रिनोवेशन का काम चल रहा है। यहां महाकाल फेज-2 का काम चल रहा है। शुक्रवार सुबह से यहां बादल छाए थे। दोपहर में तेज पानी गिरा और देर शाम जिस समय ये हादसा हुआ उस समय भी तेज बारिश हो रही थी। उज्जैन कलेक्टर और एसपी प्रदीप शर्मा समेत अन्य प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद है। रेस्क्यू टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी है।

    इस रिटेनिंग वॉल के पास एक और स्ट्रक्चर है। इस पर सुप्रीम कोर्ट का स्टे लगा हुआ है। भारी बारिश के बाद पानी को निकलने का रास्ता नहीं मिला। इसके कारण दीवार ढह गई। हादसे के बाद बची दीवार को ढहाने का काम चल रहा है। जेसीबी से क्षतिग्रस्त दीवार को पूरी तरह से गिराया जा रहा है।

हादसे में इनकी मौत हुई

1. फरहीन पति आजाद राठौर (22 साल) जयसिंहपुरा

2. अजय पिता ओमनाथ योगी (27 साल) शिव शक्ति नगर

ये लोग घायल हुए

1 शारदा बाई पति सोहन लाल (40 साल) ग्राम उज्जैनिया थाना घटिया

2 रूही पिता आजाद राठौर (3 साल) जयसिंहपुरा

इनमें शारदा और रूही को इंदौर रेफर किया गया है।

    जिस जगह यह हादसा हुआ वहां रहने वाले रहवासी ने बताया कि मेरा मकान इस दीवार से लगा हुआ है। दीवार को बने एक साल भी नहीं हुआ। मैंने आयुक्त को कहा था कि दीवार को चार फीट ऊपर उठाओ। लेकिन, ध्यान नहीं दिया गया। यहां काली मिट्टी है। पहले भी यहां से पानी निकासी की सही व्यवस्था नहीं थी।

IMG 20240927 WA0169

कलेक्टर ने जो जानकारी दी 

   कलेक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि तेज बारिश के कारण महाराजवाड़ा स्कूल के पास बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा गिरने से 4 लोगों के दबे होने की सूचना प्राप्त हुई थी जिसे तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन कर जिला अस्पताल लाया गया। हादसे में दो लोगों की मृत्यु हुई है और अन्य 2 लोगों को उपचार के लिए रेफर किया गया है। आरबीसी 6(4) के तहत मृतकों के परिजनों 4-4 लाख और घायलों को उपचार सहित 50 – 50 हजार की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

    दीवार गिरने की दुर्घटना पर संभागायुक्त उज्जैन संजय गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने चरक अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।