

Weather Forecasts : MP पर इस बार मानसून की मेहरबानी कुछ ज्यादा होने का अनुमान, 106% बारिश होगी!
Bhopal : मध्यप्रदेश में मानसून की आहट दिखाई देने लगी। केरल और मुंबई की तरह मध्यप्रदेश में भी मानसून इस बार जल्दी आने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में मानसून दक्षिणी हिस्से से प्रवेश करेगा। इस बार प्रदेश में मानसून के खासे सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग नई दिल्ली ने इस संबंध में पूर्वानुमान जारी किया। इसके अनुसार मध्य प्रदेश में इस बार 106% बारिश का अनुमान बताया गया है।
भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के डीजीएम डॉ एम महापात्रा ने देश में सामान्य बारिश की संभावना व्यक्त की। एमओएस सचिव डॉ एम रविचंद्रन और डॉ महापात्रा के मुताबिक मध्य भारत और दक्षिणी हिस्से में सामान्य से ज्यादा बारिश होने का अनुमान लगाया गया है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान बता रहा है कि मध्यप्रदेश में औसत 100 प्रतिशत से ज्यादा यानी करीब 40 इंच बारिश होने की संभावना है। इससे पहले अप्रैल में भी 38 से 39 इंच मानसूनी बारिश की उम्मीद जताई गई थी। अब भी मानसून के सामान्य से बेहतर रहने की ही बात कही जा रही है।
यहां होगी सबसे ज्यादा बारिश
मध्य प्रदेश में मानसून 8 से 10 दिन पहले ही दस्तक दे सकता है। अनुमान के मुताबिक प्रदेश के जबलपुर, सागर और शहडोल संभाग में सबसे ज्यादा बारिश होगी जबकि भोपाल, चंबल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, नर्मदापुरम, रीवा संभाग में भी अच्छी बारिश होने के आसार जताए गए है।