Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के असर में 8 राज्य, 30- 31 जनवरी को मध्य प्रदेश में वर्षा की संभावना 

3162

Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के असर में 8 राज्य, 30- 31 जनवरी को मध्य प्रदेश में वर्षा की संभावना 

दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट 

मौसम के बदलते मिजाज से तापमान और भौगोलिक परिस्थितियां निर्भर करती हैं। इसी के चलते मध्य प्रदेश में एक बार फिर बारिश की संभावना माह के अंत में जन्म ले रही हैं। बहरहाल प्रदेश में ठंड का कहर जारी है। ग्वालियर, जबलपुर ठंड से कांप रहें हैं, भोपाल में भी खासा असर हो रहा है। इंदौर में भी ठंडी हवाएं चल रही हैं। आगामी दिनों में यहां अधिकतम पारा बढ़ेगा लेकिन न्यूनतम पारे में स्थिरता के चलते ठंड बरकरार रहेगी।

नई संभावनाओं के अनुसार दक्षिण भारत से बादलों का प्रभाव बढ़ेगा जो महाराष्ट्र और गुजरात के बीच से होता हुआ मध्य प्रदेश में भी डेरा डालेगा। इसलिए 30, 31 जनवरी को मध्य प्रदेश में बारिश की संभावनाएं बन रहीं हैं, जबकि 27 जनवरी से बादल आसमान में नजर आने लगेंगे। माह के आखिरी सप्ताह में अधिकतम पारा 28 से 30 डिग्री हो सकता है।

 

उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ ने आकर डेरा डाल दिया है। बादलों का जमावड़ा राजस्थान से लेकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड तक फैला हुआ है। लद्दाख के पहाड़ी इलाकों में निरंतर बर्फबारी होगी। इसके अलावा कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में गहरे बादल छाएंगे। बारिश और बर्फबारी दोनों की संभावना बनी रहेगी। गहरे बादल पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड में भी छाएंगे जबकि राजस्थान के कुछ उत्तरी भाग में बादल कहीं-कहीं बारिश कर सकते हैं। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी इलाके में बादल छाएंगे। उक्त सभी राज्यों में ठंड का जोरदार असर कायम रहेगा। बादलों के कारण ठंड का ग्राफ और बढ़ेगा।