
Weather Update: मौसम में आमूलचूल परिवर्तन का दौर जारी – उत्तर भारत में अप्रैल मध्य तक बर्फबारी, MP में अप्रैल में बारिश
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
मौसम में आमूलचूल परिवर्तन का दौर चल रहा है। गर्मी के प्रहार पर पश्चिम की ठंडी हवाओं ने ब्रेक लगा दिया है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते 15 अप्रैल तक उत्तर भारत में लद्दाख, कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की पहाड़ियों पर बर्फ गिरने का सिलसिला चलेगा। आज दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान में बारिश की संभावना है। यूपी, एमपी, छग, उड़ीसा, बंगाल से बादल पूर्व दिशा में बढ़ रहे हैं इन स्थानों पर कहीं कहीं बारिश की संभावना है।
मध्य प्रदेश में आज पूर्वी हिस्से में हल्की बारिश के आसार हैं। कल से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के बादल गुजरात के रास्ते छाएंगे। अचानक बारिश का सिलसिला अगले 4 से 5 दिन तक चलने की संभावना है। प्रदेश में 36 डिग्री अधिकतम तापमान चल रहा है जिसमें दो दिन बाद से गिरावट आएगी।
दक्षिण महासागर में पूर्वी दिशा से बादलों ने पश्चिम की ओर खिसकना शुरू किया है। अभी बंगाल की खाड़ी तक बादल पहुंच रहे हैं। केरल में दक्षिणी और तेलंगाना में पश्चिमी हवाओं से बादल बरस सकते हैं।





