Weather Update: MP में बादल हुए चक्राकार, 24 घंटों चलेंगी तेज हवाएं, भोपाल सहित मध्य क्षेत्र में होगी अच्छी बारिश

9578

Weather Update: MP में बादल हुए चक्राकार, 24 घंटों चलेंगी तेज हवाएं, भोपाल सहित मध्य क्षेत्र में होगी अच्छी बारिश

दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट 

पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी हवाओं ने मिलकर मध्य प्रदेश में चक्राकार स्थिति पैदा कर दी है। उल्लेखनीय है कि पिछले तीन दिनों से पूर्वी मानसून के बादल, आधे मध्य प्रदेश में आकर पश्चिमी हवाओं के टकराने से पश्चिम क्षेत्र में बारिश नहीं कर पा रहे थे। ये हवाएं आज राजस्थान के रास्ते पश्चिम दिशा से आकर मध्य प्रदेश में बलवती होने के कारण चक्राकार हो गई हैं।

 

आज सुबह से ही बादल पूर्व से आकर पश्चिमी हवाओं से टकराकर गोल घूम रहे हैं। इससे मध्यप्रदेश के सभी हिस्सों में बादल फेलेंगे और तेज हवाएं 24 घंटों चलेंगी। मध्य क्षेत्र भोपाल और आसपास में इसका प्रभाव मुख्य रहेगा। यहां अच्छी बारिश की संभावनाएं बनी रहेगी और शेष स्थानों पर बारिश की स्थिति अनायास होने की रहेगी। तापमान में 2 से 3 डिग्री गिरावट भी दर्ज की जा सकेगी।

 

भारत के उत्तर पश्चिम दिशा से पश्चिमी विक्षोभ का प्रवेश आज भी निरंतर बना हुआ है। इस कारण जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार में घने बादल छाएंगे। इन्हीं स्थानों पर बारिश की संभावनाएं भी बरकरार रहेगी।

 

इधर, उत्तर पूर्व भारत से मानसूनी बादलों का सतत आगमन मध्य प्रदेश तक बना हुआ है। वह उड़ीसा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र सहित दक्षिण राज्यों से होकर गुजर रहे हैं, जहां पर कई स्थानों पर बारिश भी हो रही है और लगातार होने की संभावना भी है।