
Weather Update: कई राज्यों में आज घना कोहरा, MP में कोहरा, बादल, कल से ठंड तेज
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
भारत के कई राज्यों में आज घने कोहरे ने पैर पसारें हैं। ये कोहरा पंजाब से शुरू होकर राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, यूपी, मध्य प्रदेश और बिहार तक फैला हुआ है। आंशिक असर हिमाचल के पश्चिम, उड़ीसा, आंध्रा, कर्नाटक और तेलंगाना तक है।
ठंड के तेवर लद्दाख, कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में तीखें हैं, यहां बादल भी घने छाए हुए हैं। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 2 और अधिकतम 8 डिग्री हो गया है। पंजाब में भी कड़ाके की ठंड है। अमृतसर में न्यूनतम 4 और अधिकतम 16 डिग्री है। हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, यूपी और बिहार में भी कड़ाके की ठंड का आलम है।
मध्य प्रदेश में इस साल पहली बार कोहरे का आलम ज्यादा हुआ है। घना कोहरा ग्वालियर, शिवपुरी, मुरैना, भिंड, दतिया, चंदेरी, बीजेपुर, गुना, जीरापुर, नीमच, मंदसौर, शामगढ़ तक है। हल्का असर इंदौर, नागदा, रतलाम, औबेदुल्लागंज, सागर, पन्ना, सतना, रीवा कटनी, जबलपुर, दमोह सिवनी, भोपाल तक है। मध्य प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर आज बादल छाए हुए हैं। खासकर पूर्वी हिस्से में जहां हल्की बारिश की संभावना भी है।
कल से प्रदेश में फिर ठंड के तीखे तेवर होंगे। जबलपुर 2, ग्वालियर में 3, भोपाल 3 और इंदौर में भी 3 डिग्री रात में न्यूनतम तापमान कम हो जाएगा। ग्वालियर बेल्ट में दिन में ठंडी हवाएं चलेंगी जिससे तापमान 22 डिग्री हो जाएगा।
दक्षिण के केरल, तमिलनाडु में आज बारिश हो सकती है। श्रीलंका में भारी बारिश हो सकती है दक्षिण महासागर के बादल यहां से बंगाल की खाड़ी की ओर अग्रसर हैं। अंडमान निकोबार में भी बारिश की संभावना है।
दक्षिण महासागर के पूर्वी भाग में सक्रिय ग्रांट चक्रवात का दायरा बढ़कर मेडागास्कर के भीतर तक संभावित हो गया है। 6 जनवरी को ये चक्रवात 100 की गति से मेडागास्कर में प्रवेश करेगा।





