
Weather Update: मुंबई सहित महाराष्ट्र के पश्चिम इलाके में आज तेज बारिश, MP के कई इलाकों में भी बारिश के आसार
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
दक्षिण राज्यों को बादल पूरी तरह घेरकर चल रहे हैं। उत्तर – पूर्व से मुड़कर और बंगाल की खाड़ी से घूमकर बादलों की चैनल दक्षिण राज्यों की ओर बनी हुई है। लाइव सेटेलाइट से पता चल रहा है कि आज सुबह गोवा, कर्नाटक और महाराष्ट्र के दक्षिण भाग में तेज बारिश हुई होगी। आज दिन में भी तमिलनाडु, केरल, आंध्र, तेलंगाना, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र में बारिश होगी। महाराष्ट्र के पश्चिम इलाकों मुंबई, पुणे, नासिक आदि में तेज वर्षा की संभावना है।
मध्य प्रदेश में बादलों का आगमन दक्षिण और उत्तर पूर्व से हो रहा है। इसी मिश्रण से आज उत्तरी भाग के ग्वालियर आदि में वर्षा की संभावना नहीं है लेकिन शेष भाग में बादलों की उपस्थिति घुमावदार है जो दक्षिण, पूर्व से आकर अचानक कई हिस्सों में बारिश करके छत्तीसगढ़, झारखंड, बंगाल से उत्तर पूर्वी राज्यों में जा रहे हैं।
प्रदेश में पश्चिम दक्षिण हिस्से में आज भी शाम से रात के बीच बारिश का मौसम बनेगा। यह स्थिति 31 मई तक चलने की संभावना है। इंदौर में अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी, लेकिन उमस बनी रहेगी, भोपाल में गर्मी रहेगी, बादल छाएंगे, बारिश की संभावना कम रहेगी। ग्वालियर में तेज गर्मी रहेगी। अधिकतम तापमान 43/44 डिग्री रहेगा, जिसमें दो दिन बाद गिरावट आएगी। जबलपुर में आकस्मिक बारिश की संभावना रहेगी, 24 घंटे बाद तापमान में उछाल आयेगा।
उत्तर भारत में पश्चिम से बादलों के आने का क्रम बना रहेगा। कल लद्दाख में बर्फबारी हो सकती है। अगले 24 घंटों में कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश होगी। यूपी, बिहार में भी गर्मी के बीच बारिश के योग हैं। उत्तर पश्चिम भाग में राजस्थान पंजाब में मौसम खुला रहेगा, गर्मी की मार रहेगी।





