Weather Update: MP में कल से पूरे माह तेज गर्मी, लद्दाख में 16 से बर्फबारी  

229

Weather Update: MP में कल से पूरे माह तेज गर्मी, लद्दाख में 16 से बर्फबारी  

दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट

मध्य प्रदेश में आज के बाद गर्मी अपने शबाब पर जाएगी। पश्चिमी हवाओं का प्रभाव कम हो जाएगा। अगले 5 दिन प्रदेश के उत्तरी भाग में ग्वालियर, भिंड, मुरैना, शिवपुरी ज्यादा तपेंगे, अधिकतम तापमान 40 से 45 और न्यूनतम 23 से 29 डिग्री तक जा सकता है। 16,17 को बादल छाने से बारिश के योग भी बन सकते हैं।

भोपाल में परसों से गर्मी में इजाफा होगा। यहां 40 से 42 से डिग्री और इंदौर में 40/41 डिग्री तक असर होगा, साथ ही माह के अंत तक रात का पारा 23 से 27 तक जा सकता है।

मध्य प्रदेश में दक्षिण पूर्वी हिस्से छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, नरसिंगपुर आदि में आज दिन में तेज बारिश की संभावना रहेगी।

 

पश्चिमी विक्षोभ का अगला असर 16 अप्रैल से भारत के उत्तरी पहाड़ी क्षेत्र लद्दाख से शुरू होगा। यहां पर बर्फबारी की संभावना है जो अगले कुछ दिन तक रह सकती है जबकि कश्मीर में भी बारिश होगी। 18 अप्रैल से, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश की संभावना रहेगी। 16 अप्रैल से ही उत्तर भारत के पंजाब, दिल्ली, हरियाणा उमस भरी गर्मी के बीच बादल छाएंगे।

दिल्ली में 18 अप्रैल को अधिकतम पारा 43/44 डिग्री तक जा सकता है और न्यूनतम 30/31 तक। राजस्थान में आज से गर्मी का तांडव शुरू होगा। अगले 5 दिनों में जोधपुर में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री, जयपुर 38 से 43 डिग्री तक जाएगा। गुजरते भी ऐसा ही गर्मी का चक्र चलेगा। यहां सूरज दमकता रहेगा।

आज भारत के उत्तर पूर्वी राज्यों में बादल सक्रिय रहेंगे। यूपी के पूर्वी हिस्से और बिहार में भी बारिश हो सकती है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, उड़ीसा, कोलकाता, झारखंड सहित पूर्वी राज्यों में बादल बारिश की स्थिति रहेगी। तेलंगाना, आंध्रा, केरल और तमिलनाडु में भी बारिश की संभावना रहेगी।