Weather Update: 2 दिशाओं की हवाओं के कारण मानसून परिवर्तित,MP में बनी रहेगी बादलों की आवाजाही!

3668

Weather Update: 2 दिशाओं की हवाओं के कारण मानसून परिवर्तित,MP में बनी रहेगी बादलों की आवाजाही!

 

दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट 

दो दिशाओं की हवाओं के कारण मानसून परिवर्तित हो गया है, उसको जिस गति से दक्षिण से आगे उत्तर, पश्चिम, पूर्व दिशा की तरफ बढ़ना था वह छिन्न भिन्न होकर सीधे छलांग लगाकर महाराष्ट्र तक पहुंच गया है। कारण, भारत के उत्तर में पश्चिम से आ रहे बादलों का रुख भी उत्तर पूर्व की ओर होने से हवाओं संग वे दक्षिण पूर्व के बादलों से मिल गए हैं, जिसके कारण भी मानसून की दिशा भ्रमित हो गई है। हालांकि हवाओं का दबाव तीन दिन पूर्व जा चुके चक्रवात के कारण भी निर्मित हुआ है। जबकि मानसून काफी अच्छी स्थिति में है, लेकिन उसे जिस तरह नियमानुसार और मौसम की परंपरा अनुसार आगे बढ़ना था वैसा नहीं बढ़ते हुए वह पूरे दक्षिण भारत सहित महाराष्ट्र छत्तीसगढ़ और उड़ीसा तक फैल गया है। जिसमें उत्तर- पश्चिम से उतर रहे बादल भी समायोजित हो रहे हैं।

मध्य प्रदेश में अभी भी दो तरफ से बादलों का मिश्रण है। इसलिए मध्य प्रदेश की स्थिति दोनों तरफ से अभी भी जुड़ी हुई नजर आ रही है। प्रदेश में बादल उत्तर पश्चिम से आकर दक्षिण पूर्व से आ रहे बादलों संग मिल कर रहे हैं। कल इसी कारण चक्रवाती हवाएं बन गई थी।

कल की अपेक्षाकृत स्थिति आज वैसी नहीं रहेगी, लेकिन पूर्वी भाग में आंधी चलने के हालात बने रहेंगे, जो प्रदेश के दक्षिणी भाग तक प्रभावित करेगी। दोपहर बाद राजस्थान से उतरे हुए बादल सामान्य हवाओं के साथ मध्य प्रदेश के शेष हिस्से में भी बादलों को सक्रिय करेंगे। यह क्रम अभी दो-तीन दिन चलता रहेगा और प्रदेश में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।

दक्षिण भाग में मानसून सक्रिय है बंगाल की खाड़ी से इसकी आवक बनी हुई है। हवाओं का रुख यहां पर पूर्व से पश्चिम की ओर है, दोपहर बाद दक्षिण राज्यों में कई जगह बारिश भी हो सकती है।

उत्तर भारत में भी पश्चिम दिशा से बादलों की आवक बनी हुई है इसलिए जम्मू कश्मीर, लद्दाख,हिमाचल प्रदेश, पंजाब,हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, यूपी और बिहार में बादल छाए रहेंगे, कई जगह बारिश की संभावना भी बनी रहेगी।