

Weather Update: मुंबई में प्री मानसून की बारिश आज से, MP में अगले 15 दिन अनायास बारिश, उमस और गर्मी करेगी बेहाल
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
दक्षिण महासागर में बादलों की गतिविधियां भारत की ओर शुरू हो गईं हैं। अगले 24 घंटे में तमिलनाडु से मानसून पूर्व की लगातार बारिश शुरू हो जाएगी। बादलों का बहाव केरल, कर्नाटक, आंध्रा, तेलंगाना से महाराष्ट्र की ओर हैं जहां से हवाएं मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और उड़ीसा होते हुए पूर्वी राज्यों की ओर बादलों की चैनल बना रही हैं। इससे मुंबई में भी प्री मानसून वर्षा का दौर शुरू हो गया है।
मध्य प्रदेश में अभी भी पश्चिमी और दक्षिणी हवाओं का जोर होने से बादल प्रदेश के दक्षिण से पूर्व की ओर तथा उत्तर से पूर्व की ओर चल रहे हैं। इससे दक्षिण से पूर्व की ओर जाने वाले बादल ज्यादा है जिससे खंडवा, बुरहानपुर, खरगौन, देवास, हरदा, होशंगाबाद, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, जबलपुर, डिंडोरी, उमरिया आदि पट्टी में बारिश होगी। इंदौर, भोपाल में हल्की संभावना रहेगी। उधर ग्वालियर, भिंड, मुरैना, शिवपुरी, गुना में पश्चिमी हवाएं ज्यादा असरदार हैं, बादल तेज गति से गुजरेंगे, बारिश अनायास हो सकेगी।
मध्य प्रदेश में अगले 15 दिन बादल छाए रहने से कहीं बारिश, कहीं छींटे, कहीं हवा का जोर रहेगा। इससे गर्मी और उमस बढ़ेगी।
पश्चिम और दक्षिण हवाओं से गुजरात, पश्चिम हवाओं से राजस्थान में भी बादल होंगे। राजस्थान, पंजाब के बादल हरियाणा, दिल्ली, यूपी, बिहार की ओर कूच कर रहे हैं। कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में भी बादल हैं। लद्दाख में बर्फबारी चलती रहेगी।