

Weather Update: लद्दाख- कश्मीर में 10 मार्च से बारिश- बर्फबारी, MP में कल से गर्मी का तेज असर
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
नया पश्चिमी विक्षोभ भारत के उत्तर पश्चिम के नजदीक है जो आज से लद्दाख में बर्फबारी कराएगा और कल से कश्मीर में बारिश और बर्फबारी होगी। लद्दाख में 18 मार्च तक बर्फबारी की संभावना है।
ठंड का तेज असर हिमाचल प्रदेश में भी होगा जहां न्यूनतम तापमान 6/7 डिग्री तक जाएगा,साथ ही मौसम बादलों के साए के साथ होगा।
उत्तराखंड में भी बादल संग ठंड बनी रहेगी। यहां न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री के आसपास होगा।
पश्चिमी हवाओं के कारण राजस्थान, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में देर रात से सुबह के बीच ठंड रहेगी। कल से यहां तापमान में वृद्धि होगी। क्योंकि पश्चिमी हवाएं कश्मीर और लद्दाख से ऊंची होकर पूर्व दिशा में चाइना की ओर अग्रसर है।
मध्य प्रदेश में आज पश्चिमी हवाओं का ठंडा असर केवल पश्चिमी भाग में सुबह के समय महसूस किया जाएगा। कल से मध्य प्रदेश में गर्मी का तेज एहसास होने लगेगा। तापमान में 2 डिग्री वृद्धि शुरू हो जाएगी जो बाद में 20 डिग्री न्यूनतम और 38 डिग्री अधिकतम तापमान तक पहुंचेगा। 11 मार्च से प्रदेश के निमाड़ी हिस्से में अधिकतम तापमान 40/41 डिग्री तक जा सकता है। इंदौर में कल से अधिकतम 36 डिग्री होगा जबकि न्यूनतम तापमान 18 से बढ़कर 20/21 डिग्री के आसपास रहेगा।
भारत के दक्षिण महासागर में पूर्व से आ रहे बादल अंडमान निकोबार समेत बंगाल की खाड़ी में असर दिखा रहे हैं। आज अंडमान निकोबार में बारिश होगी जबकि केरल में कल से बारिश के आसार बनेंगे। दक्षिणी हवाओं के असर से महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित दक्षिणी राज्यों में गर्मी असर दिखाने लगेगी।