
Weather Update: दक्षिण में बारिश, मुंबई आज से भीगेगा, इंदौर, भोपाल, जबलपुर में अब 25 अक्टूबर से बारिश
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
अजीब मौसम के अजीब परिणाम सामने आ रहे है। उत्तर भारत के लद्दाख में बारिश के बाद ठंड तेज हैं तो दक्षिणी राज्य तूफानी बारिश से भीग रहे हैं।
पश्चिमी हवाओं का असर उत्तर भारत को मिल रहा है जिससे बीच-बीच में जम्मू कश्मीर, लद्दाख में बारिश हो रही है। अगले 24 से 36 घंटे बाद फिर से यहां बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली उत्तराखंड में मौसम साफ है मगर रात का तापमान ठंडी हवाओं का एहसास करा रहा है।
दक्षिण भारत में तूफानी बारिश का दौर चल रहा है। पूर्व से बादल पश्चिम की ओर अग्रसर है, जिसके चलते तमिलनाडु और केरल, आंध्रा में भारी बारिश हुई है। आज कर्नाटक, आंध्र और महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में बारिश का असर देखा जाएगा। मुंबई खासकर बारिश से भीगेगा। मुंबई के अलावा पुणे और दक्षिण महाराष्ट्र के इलाकों में भी बारिश होगी।
मध्य प्रदेश में महाराष्ट्र, गुजरात के रास्ते बादलों की चैनल बनी हुई है जो दक्षिण- पश्चिम से होकर उत्तर – पूर्व की ओर बिहार के रास्ते से गुजर रहे हैं। आज मध्य प्रदेश के पूर्वी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। बदलते मौसम के कारण अब इंदौर, भोपाल, जबलपुर में बारिश की संभावना 25 अक्टूबर से लग रही है।
मध्य प्रदेश में मुंबई के बाद बादलों का जत्था प्रवेश करेगा जो 25 अक्टूबर से गहराएगा और 27/28 अक्टूबर से बारिश करेगा, जो रुक रुक कर 2 नवंबर तक चल सकती है। अभी दो दिन तापमान बढ़ा हुआ रहेगा जो 25 अक्टूबर के बाद लुढ़केगा। बहरहाल प्रदेश उमस से जूझेगा।





