

Weather Update: MP में आधे से ज्यादा स्थानों पर वर्षा, आंधी का नजारा माह के अंत तक, मुंबई में मानसून जून माह से निरंतर
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
दो माह पहले ही यह अनुमान हो चला था कि इस बार मानसून जल्द आयेगा और तीन माह तक अच्छी बारिश होगी। ताजा स्थिति अनुसार एक गोलाकार स्थिति बनी हुई है जिसमें भारत के दक्षिण, मध्य और पूर्व से बादल अंडमान निकोबार से घूमते हुए वापस दक्षिणी राज्यों में पहुंच रहे हैं। इससे खासकर केरल से बादल महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश से होकर गुजर रहे हैं। यहां से छत्तीसगढ़, उड़ीसा, झारखंड, बंगाल और पूर्वी राज्यों तक बादल जाकर वापस नीचे उतर कर बंगाल की खाड़ी से केरल की ओर मुड़ रहे हैं।
महाराष्ट्र में मुंबई, नाशिक, पुणे आदि में बारिश का सिलसिला रुक रुक चल रहा है। दक्षिण राज्यों में एक तरह से मानसूनी बारिश शुरू हो चुकी है। जून में बारिश निरंतर रहेगी इसीलिए महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भी बारिश अच्छी होगी।
मध्य प्रदेश में बादल सक्रिय हैं जो महाराष्ट्र से आकर उत्तर पूर्व दिशा में जा रहे हैं। आज इंदौर, भोपाल, खंडवा, खरगौन, भोपाल, देवास सहित पूर्वी हिस्सों में हवाओं संग तेज बारिश संभव है। प्रदेश में यह सिलसिला मई माह के अंत तक चल सकता है जो मानसून पूर्व की बरसात करेगा। इस बार 25 मई से शुरू हो रही रोहिणी में भी बारिश की संभावना है। अगले 15 दिनों में प्रदेश के उत्तरी भाग ग्वालियर आदि में अधिकतम तापमान 43/44 तक जा सकता है लेकिन शेष हिस्सों में 40/41 तक ही रहेगा। उमस ज़रूर परेशान करेगी, क्योंकि आसमान बादलों से कई बार ढंका रहेगा।
उत्तर भारत के लद्दाख में 19/20 मई तक बर्फबारी रह सकती है जिसके बाद आसमान साफ रहेगा। पश्चिमी हवाओं के चलते कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, दिल्ली आदि में इस सप्ताह बारिश कई बार होगी।