
Weather Update: चौंकाने वाला संकेत- MP में 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश के आसार!
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
भारत में सितम्बर तक मानसून का सीजन माना जाता है जो बीत चुका है, लेकिन अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में भारी बारिश का संकेत चौंकाने वाला है जो दक्षिण से लेकर पश्चिमी राज्यों तक हो सकता है जिसमें मध्य प्रदेश में भारी बारिश की संभावना भी शामिल है।
यूं तो मुख्य रूप से भारत के आसपास कोई बड़े चक्रवात नहीं है। केवल पूर्व में आकार लेता चक्रवात इन्वेस्ट 96W “रामिल” है, जो फिलीपींस की दिशा में आगे बढ़ रहा है। दूसरा उभरता चक्रवात भारत के दक्षिण महासागर में है इन्वेस्ट 94S है, जो कल ही शुरू हुआ है।
इन दोनों की उथल पुथल वाली चक्रवाती हवाओं से भारत को फर्क तो पड़ेगा ही, लेकिन अभी की स्थिति यह है कि भारत के दक्षिण राज्यों में बारिश की लगातार संभावनाएं बन रहीं हैं। आंध्रा में आज भारी बारिश हो सकती है। दोपहर बाद केरल और तमिलनाडु में भी बारिश होगी। जबकि कर्नाटक के पश्चिमी में सुबह और पूर्वी भाग में शाम को बारिश होगी।
बहरहाल की स्थिति यह है कि पूर्व से आकर पश्चिम के समुद्र में इकट्ठा हो रहा बादलों का जखीरा धीरे धीरे उत्तर की और उठेगा, जो अगले सप्ताह महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश में जाकर सक्रिय होगा।
महाराष्ट्र में 24 अक्टूबर से, गुजरात में 26 से और एमपी में 27 अक्टूबर से बादलों की स्थिति मजबूत होगी जो 30 अक्टूबर तक अलग अलग राज्यों में बारिश करेंगे।
मध्य प्रदेश में बादलों के छाने का क्रम चल रहा है। पूर्वी हिस्से जबलपुर में 21 से 26 के बीच बारिश की संभावना है। इंदौर में अभी तीन दिन बादल छाएंगे और 24 से 29 अक्टूबर के बीच बारिश की संभावना प्रबल होगी। इसमें 28, 29 अक्टूबर को भारी बारिश के संकेत टाइम एंड डेट का फोरकास्ट बता रहा है। ये संभावना महाराष्ट्र और गुजरात दिशा से आने वाले बादलों से बनेगी जिसमे धार झाबुआ से लेकर इंदौर, भोपाल, देवास, खंडवा, हरदा आदि क्षेत्र भी शामिल रहेंगे।
उत्तर भारत अभी शांत है लेकिन पश्चिमी विक्षोभ का एक झटका 19, 20 अक्तूबर को कश्मीर और लद्दाख में बर्फबारी कर सकता है। हल्का असर हिमाचल प्रदेश में हो सकता है।





