Weather Update: MP में कल से बढ़ेगा तापमान, चक्रवात का आकार बढ़ा, 10 मार्च से उत्तरी पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी

391

Weather Update: MP में कल से बढ़ेगा तापमान, चक्रवात का आकार बढ़ा, 10 मार्च से उत्तरी पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी

दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट

यह धारणा गलत है कि जब कभी भी उत्तरी पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी होती है तो मध्य प्रदेश को ठंडक मिलती है। दरअसल हवाओं पर यह निर्भर करता है कि जब हवाएं पश्चिमी विक्षोभ से भारत की ओर बढ़ती है,वह यदि सीधे ऊंची होकर पश्चिम से पूर्व की ओर जाती है, तब बर्फबारी या बारिश अथवा ठंडी हवाओं की स्थिति केवल उत्तरी राज्यों तक सीमित रहती है। लेकिन जब हवाएं पश्चिम से भारत के मध्य से पूर्व की ओर आती है तभी उसका लाभ मध्यप्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ आदि को मिलता है।

आने वाला पश्चिम विक्षोभ इसी तरह भारत में अभी उत्तरी पहाड़ी राज्यों कश्मीर और लद्दाख की ओर बढ़ रहा है जिससे 10 मार्च से यहां बर्फबारी और बारिश की स्थिति शुरू हो जाएगी। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में ठंडी हवाएं चलेंगी। पंजाब, दिल्ली, हरियाणा यूपी यहां भी ठंडक बनी रहेगी। हल्का असर राजस्थान के उत्तर पश्चिम भाग में होगा।

लद्दाख में इस बार 10 मार्च से लेकर 22 मार्च तक बर्फबारी की संभावना बनी हुई है क्योंकि पश्चिमी भाग से लगातार विक्षोभ के आने का सिलसिला बना रहेगा।

 

भारत के दक्षिण महासागर में बन रहा चक्रवात अभी भी 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से है, लेकिन इसका आकार बढ़ता जा रहा है। और अगले 24 घंटे में इसकी दिशा के बारे में स्थिति तय हो पाएगी। बहरहाल पूर्वी बादल दक्षिण महासागर में आकर पश्चिम की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे इस सप्ताह केरल में बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश में पश्चिमी हवाओं से दो दिन तक ठंडक बनी रही जो आज भी रहेगी। लेकिन कल से तापमान में बढ़ोतरी शुरु हो जाएगी। इंदौर और भोपाल में अधिकतम पारा कल से 2 डिग्री परसों से 3 डिग्री तक बढ़ जाएगा। लेकिन न्यूनतम पारा तेजी से बढ़ेगा। कल से 3 डिग्री और 8 मार्च से 6 डिग्री तक बढ़ सकता है। 15 दिन के अंदर मध्य प्रदेश में अधिकतम पारा 39 डिग्री तक जा सकता है।

इंदौर, भोपाल की अपेक्षाकृत ग्वालियर में न्यूनतम पारे में अगले दो दिन एक-एक डिग्री की बढ़ोतरी होगी। यहां पश्चिमी हवाओं का हल्का ठंडा असर रहेगा।