
Weather Update: MP में आज से तापमान में वृद्धि, 30-31 को बारिश, दोपहर बाद पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान में बारिश के आसार
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
मध्य प्रदेश में मौसम की चाल पश्चिम हवाओं पर निर्भर है जो रोज़ नए रंग दिखा रही है। मध्य प्रदेश में आज से अधिकतम तापमान 37 डिग्री होगा। कल से न्यूनतम तापमान में बादलों की आवक से वृद्धि होगी जिसके अनुसार ग्वालियर में 21, जबलपुर में 20, इंदौर में 21 और भोपाल 22 डिग्री तापमान हो जाएगा। बादलों के चलते इंदौर भोपाल संभाग में 30/31 मार्च को बारिश की संभावना रहेगी। हवाओं के पश्चिम से पूर्व के बजाय अब उत्तर की ओर चलने से मौसम में परिवर्तन आया है।
पश्चिमी विक्षोभ का नया जत्था अभी ईरान, इराक, सीरिया, तुर्की, सऊदी अरेबिया से अफगानिस्तान और पाकिस्तान पहुंचा है। साथ ही उत्तरी भारत में भी इसका असर आज होगा जिससे कश्मीर, उत्तराखंड, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में बारिश/बर्फबारी होगी। दोपहर बाद पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान में भी बारिश की संभावना है। आंशिक असर गुजरात, यूपी और मध्य प्रदेश में होगा, जहां बादलों का फैलाव होगा।
अगले 48 घंटों में राजस्थान के अनेक स्थानों में बारिश की संभावना रहेगी, और।गुजरात में आंशिक हिस्सों में बारिश हो सकती है।
दक्षिण राज्यों में मौसम साफ रहने की संभावना है। हल्के बादल तेलंगाना में रहेंगे, दोपहर बाद महाराष्ट्र, कर्नाटक में भी बादल दिखाई देंगे। मुंबई में अगले 60 घंटों बाद अधिकतम तापमान में 3 डिग्री कमी आने की भी संभावना है।





