Weather Update: दक्षिण पश्चिमी हवाएं ऊपर उठने से गर्मी का बढ़ेगा असर,1 अप्रैल से मिलेगी राहत

944

Weather Update: दक्षिण पश्चिमी हवाएं ऊपर उठने से गर्मी का बढ़ेगा असर,1 अप्रैल से मिलेगी राहत

दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट

जब कभी भी पश्चिमी विक्षोभ आते हैं तब तब भारत में ठंड का असर होता है लेकिन जब दक्षिण की ओर से उठने वाले बादल पश्चिम से भारत में आते हैं तो वह गर्मी का एहसास कराते हैं। अभी यही हो रहा है। बादल अफ्रीका से चलते हुए, अरब देशों को पार करते हुए भारत से लगकर उत्तर की ओर उठ रहे हैं, जिसके कारण पश्चिम से उत्तर की ओर आ रहे बादल भी उत्तर की ओर ही स्थिर होकर कर घूम रहे हैं, इसलिए तापमान में उछाल आ रहा है। आगामी 1 अप्रैल के बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री तक कमी आएगी, तब गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।

उत्तर भारत में अगले दो दिन तक बादल छाएंगे और जैसे ही पश्चिमी हवाओं का दबाव बढ़ेगा वैसे ही बारिश शुरू कर देंगे। बारिश बर्फबारी की संभावना कश्मीर और लद्दाख में 27 मार्च से शुरू हो सकती है। 5 अप्रैल तक बर्फबारी, बारिश के आसार रहेंगे। इसके कारण भारत के निचले मध्य इलाकों में तापमान में कमी आएगी।
उत्तर भारत में बारिश का सिलसिला अप्रैल प्रथम सप्ताह तक चल सकता है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी गहरे बादल छाएंगे 29, 30 मार्च को बारिश की संभावना रहेगी।

दक्षिण पश्चिमी हवाओं के कारण आ रहे बादल राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब में भी फैले हुए दिखाई देंगे। यहां बारिश की संभावना केवल राजस्थान के पश्चिमी इलाकों में संभव है। जबकि मध्य प्रदेश में गर्मी का असर 37 से 39 और 40 डिग्री तक बना रहेगा। न्यूनतम तापमान में भी उछाल आएगा इसलिए रातें गर्म होंगी। 1 अप्रैल के बाद मध्य प्रदेश में भी तापमान में कमी आएगी 4 डिग्री तापमान कम हो जाएगा। मध्य प्रदेश में भी अगले 15 दिनों तक बादल दिखाई देंगे। बारिश की संभावना ना के बराबर होगी।