

Weather Update : पश्चिमी विक्षोभ से हिमालय क्षेत्र प्रभावित होगा, कहीं होगी बारिश तो कहीं पारा चढ़ेगा!
जानिए, किन राज्यों में होली से पहले मौसम का मिजाज कैसा रहेगा!
New Delhi : देश के उत्तर पश्चिम इलाकों के भाग में तेजी से मौसम बदलता दिखाई दे रहा है। कहीं गर्मी अपना तेवर दिखाने लगी तो कुछ भागों में मौसम के अलग ही तेवर हैं। इन राज्यों में होली से पहले पारा चढ़ेगा, वहीं पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की आशंका है।
बताया जा रहा कि अगले तीन-चार दिनों में पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इन क्षेत्रों में तेज आंधी चलने की भी संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और सिक्किम में गरज और बिजली के साथ बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज 9 मार्च से नए पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इसके असर से 13 मार्च तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। 10 से 13 मार्च के दौरान उत्तराखंड में भी बर्फबारी और बारिश हो सकती है। 12-14 मार्च के पंजाब में, 13-14 मार्च को हरियाणा और 14 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट हल्की और मध्यम वर्षा हो सकती है।
कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम की हल्की ठंडक के बीच दोपहर की चटख धूप गर्मी का अहसास करा रही है। तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लेकिन, मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार के बाद इसमें बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है होली से पहले दिल्ली में तापमान बढ़ने के आसार हैं। जबकि, गुरुवार को उत्तर-पश्चिम दिशा से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इन राज्यों में भी बिगड़ेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि 10 और 11 को तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में गरज और बिजली के साथ बारिश हो सकती है। 11 मार्च को लक्षद्वीप और कर्नाटक में भी बारिश के आसार हैं। 11 और 12 मार्च को दिल्ली और गंगा के मैदानी इलाकों में 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चल सकती हैं। अगले 4 दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं, पूर्व और पश्चिम के अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
Also Read: Supreme Court: छत्तीसगढ़ के पूर्व आबकारी अधिकारी की रिहाई टली!
गोवा, कोंकण और महाराष्ट्र में लू का खतरा
9 से 11 मार्च के दौरान गोवा, कोंकण और महाराष्ट्र में लू चलने की संभावना है। शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में भी गर्मी महसूस की गई। दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री रहा।