
Wedding Banquet of Shivraj’s Sons in Home Village : शिवराज सिंह के दोनों बेटों की शादी का जैत में भव्य भोज, 50 हजार लोग शामिल हुए!
Jait (Sehore) : केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के दोनों बेटों कार्तिकेय सिंह चौहान और कुणाल चौहान के शादी समारोह की उनके गृह ग्राम जैत में भारी धूम रही। दोनों की शादियों अलग-अलग तारीखों में हैं। लेकिन, इन शादियों का एक बड़ा आयोजन गृह ग्राम जैत में हुआ। कार्तिकेय की शादी 6 मार्च और छोटे बेटे कुणाल की शादी 14 फरवरी को है। इससे पहले शिवराज सिंह चौहान ने अपनी पत्नी साधना सिंह और दोनों बेटों के साथ शनिवार को सलकनपुर पहुंचकर मां बिजासन के दर्शन किए। इसके बाद जैत में करीब 50 हजार लोगों के भोज का भव्य आयोजन हुआ।

इस आयोजन के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थी। 2 हजार से अधिक वालेंटियर भी व्यवस्थाओं में जुटे। शिवराज सिंह, साधना सिंह, कार्तिकेय सिंह चौहान सहित पूरा चौहान परिवार आयोजन में आए मेहमानों का स्वागत और सत्कार किया। आयोजन के दौरान शिवराज सिंह चौहान और साधना सिंह ने मंच से गीत भी गाया। समारोह में आने वाले मेहमानों के लिए संगीत की व्यवस्था भी की गई थी। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने ‘ये दिल तुम्हारे प्यार का मारा है दोस्तों’ गीत गाकर समां बांध दिया। साधना सिंह ने ‘चंदा है तू मेरा सूरज है तू’ गीत गाया।
छोटे बेटे कुणाल 14 फरवरी को शादी के बंधन में बंधेंगे। उससे पहले उनके घर में शादी की रस्में चल रही हैं। साधना सिंह महिलाओं के साथ में खल मिट्टी सहित अन्य रस्में पूरी करने में जुटी हैं। इन रस्मों का उन्होंने सोशल मीडिया पर फोटो भी शेयर किया। कुणाल वैलेंटाइन डे (14 फरवरी) को भोपाल में होगी। कुणाल का रिश्ता जाने -माने डॉ इंद्रमल जैन की पोती रिद्धि जैन से सगाई हुई है। कुणाल और रिद्धि एक साथ पढ़े हैं। कहा जा रहा कि यह दोनों की लव मैरिज है। बड़े बेटे कार्तिकेय की शादी 5-6 मार्च को उदयपुर में अमानत बंसल से होगी। अमानत लिबर्टी शूज कंपनी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुपम बंसल की बेटी हैं। उदयपुर में शादी के बाद 12 मार्च को भोपाल में रिसेप्शन होगा। करीब चार महीने पहले अमानत और कार्तिकेय की दिल्ली में सगाई हुई थी।
कार्तिकेय और कुणाल की शादियां तो अलग-अलग तारीखों में हैं। लेकिन उनकी शादी का उनके गृह ग्राम जैत में भव्य आयोजन एक साथ किया गया। इसके लिए बुधनी विधानसभा के नेताओं, कार्यकर्ताओं को भी अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थी। भाजपा जिला अध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष सहित मंडल अध्यक्षों, नगर परिषदों के अध्यक्षों एवं अन्य पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को शादी में व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई।





