ओंकारेश्वर से भोपाल आते वक्त CM चौहान अचानक रुके एक रिसोर्ट पर,

राजनीतिक गलियारों में तेज हुई हाटपीपल्या सीट को लेकर चर्चा

348

ओंकारेश्वर से भोपाल आते वक्त CM चौहान अचानक रुके एक रिसोर्ट पर,

भोपाल
शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ओंकारेश्वर से भोपाल वापस आते वक्त अचानक से देवास जिले के एक रिसोर्ट में रूक गए। इस रिसोर्ट से रवाना होने के बाद अचानक से राजनीतिक गलियारों में हाटपीपल्या सीट को लेकर चर्चा तेज हो गई। दरअसल इस रिपोर्ट के संचालक नरेंद्र सिंह राजपूत हाटपीपल्या से दावेदारी कर रहे हैं। वे देवास जिला पंचायत के अध्यक्ष भी रहे चुके हैं।

राजपूत भाजपा के स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक हैं। वे हाटपीपल्या सीट से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अचानक से उनके बीआर रिसोर्ट में रूकने को लेकर तरह तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री यहां पर आए और उन्होंने नरेंद्र सिंह राजपूत के बेटे जयंत सिंह और रजतपाल सिंह से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने नरेंद्र सिंह से भी फोन पर लंबी बात की। इस दौरान यहां पर कलेक्टर ऋषभ गुप्ता और एसपी संपत उपाध्याय भी मौजूद थे।

इसलिए चर्चित हो रही हाटपीपल्या सीट
हाटपीपल्या सीट इसलिए चर्चित है क्योंकि इस सीट पर कांग्रेस की ओर से दीपक जोशी टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए हैं। दीपक जोशी इस सीट से पिछला चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़े थे, लेकिन वे कांग्रेस के मनोज चौधरी से हार गए थे। बाद में मनोज चौधरी ने भाजपा का दामन थाम लिया, और उपचुनाव में वे भाजपा के टिकट पर विधायक बने। अब चर्चा है कि मनोज चौधरी अपनी सीट बदलने के प्रयास में हैं। वे खातेगांव से चुनाव लड़ सकते हैं। वहीं दीपक जोशी के मुकाबले में भाजपा भी मजबूत उम्मीदवार की तलाश में है। इसके चलते नरेंद्र सिंह राजपूत का नाम यहां पर तेजी से चल रहा है।