

Who will be BJP President: GIS के बाद अब BJP प्रदेश अध्यक्ष को लेकर कवायद फिर शुरू, दौड़ में हैं कई नाम, हेमंत खंडेलवाल के लिए संघ सहमत
भोपाल: मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चुनने को लेकर अब फिर से कवायद तेज होने जा रही है। ग्लोबल इन्वेटर्स समिट के चलते भाजपा ने संगठन के इस पद के चुनाव को फिलहाल टाल दिया था। पहले दिल्ली चुनाव के चलते इसे टाला गया था, फिर GIS के चलते यह एक महीने टला।
इस बीच कई नेताओं ने अपनी दिल्ली दौड़ जारी रखी, हालांकि इन सब के बीच में विधायक एवं पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल का नाम तेजी से उभर कर सामने आया है। यहां के चुनाव करवाने के लिए धर्मेंद्र प्रधान का भोपाल दौरे का कार्यक्रम अब जल्द तय हो सकता है।
सूत्रों की मानी जाए तो खंडेलवाल के नाम पर संघ के पदाधिकारियों ने अपनी सहमति दे दी है। इसलिए उनका नाम तेजी से उभर कर आया है। हालांकि अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है, इसलिए खंडेलवाल के नाम पर ही प्रदेश अध्यक्ष की मुहर लगे यह आसान नहीं होगा।
खंडेलवाल के साथ ही दौड़ में शामिल कई नेता दिल्ली तक लगातार सक्रिय रहे। इनमें से भी किसी नेता का नाम ऐनवक्त पर प्रदेश अध्यक्ष के लिए तय किया जा सकता है।
हालांकि एक संभावना ऐसी भी भाजपा में मानी जा रही है कि जिस तरह से राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर की ही तरह वीडी शर्मा को फिर से प्रदेश अध्यक्ष की कमान दे दी जाए। हालांकि मदन राठौर का पहला कार्यकाल 6 महीनों का ही हुआ था। जबकि शर्मा इस पद पर पांच साल पूरे कर चुके हैं। उन्हें मध्य प्रदेश भाजपा का शुभांकर भी माना जाता है। उनके प्रदेश अध्यक्ष बनते ही कमलनाथ की सरकार गिर गई और फिर से भाजपा की सरकार बनी। वर्ष 2023 में हुए विधानसभा के चुनाव में पार्टी को ऐतिहासिक जीत मिली। इसके बाद लोकसभा चुनाव में प्रदेश में पहली बार सभी सीट जीतकर रिकॉर्ड बना।