हवाई यात्री बदतमीजी पर उतारूं क्यों होने लगे!

449

हवाई यात्री बदतमीजी पर उतारूं क्यों होने लगे!

ये अभी सोमवार की घटना है, जब दिल्ली पुलिस ने स्पाइसजेट की फ्लाइट में क्रू-मेंबर से बदसलूकी करने वाले अबसार आलम को गिरफ्तार कर लिया। अबसार अपने परिवार के साथ हैदराबाद जा रहा था। उस पर बोर्डिंग के दौरान एयरहोस्टेस से छेड़खानी करने के आरोप है। सोमवार को इस घटना का वीडियो भी सामने आया, जिसमें वो एयरहोस्टेस पर चिल्लाता नजर आया। इस घटना के बाद अबसार और उसके साथी पैसेंजर को फ्लाइट से उतार दिया गया। ये पहली और आखिरी घटना नहीं है। कुछ महीनों में हवाई यात्रियों की बदतमीजी की ऐसी कई घटनाएं हुई है।

हवाई यात्रा करने वालों को सभ्रांत माना जाता है। उनके बारे में सामान्य धारणा बनी होती है, कि वे बेहद शरीफ और बड़े लोग होते हैं। वास्तव में ये काफी हद तक सही भी है। पर कुछ दिनों ले लगातार ऐसी घटनाएं हुई जिससे इन हवाई यात्रियों की बनी छवि टूटने लगी। कुछ यात्रियों ने शराब पीकर हंगामा किया तो कुछ ने बिना पिये ही ऐसे हालात निर्मित किए कि हंगामा हुआ। एयर होस्टेस से बदसलूकी, साथी यात्रियों से मारपीट और नशे में ऐसे-ऐसे कृत्य किए गए जो इन सभ्रांत समाज के लोगों को कटघरे में खड़ा करते हैं। इन पर संबंधित विभाग ने कार्रवाई भी की, पर सवाल ये है कि ऐसे हालात ही क्यों बने!

IMG 20230125 WA0023

फ्लाइट्स में मारपीट, साथी यात्रियों से नोक-झोक, शराब के नशे में हंगामा करने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। हाल ही में एयर इंडिया की फ्लाइट में एक बुजुर्ग महिला पर पेशाब करने का मामला सामने आया था। फिर विदेशी यात्रियों ने एक फ्लाइट में एयर होस्टेस के साथ छेड़खानी की। एक अन्य मामले में फ्लाइट कैप्टन के साथ मारपीट की गई। हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें इंडिगो की एयर होस्टेस के साथ एक यात्री ने बदतमीजी की थी। यात्री और फ्लाइट अटेंडेंट के बीच खाने के ऑप्शन को लेकर बहस छिड़ गई। वीडियो शूट करने वाले के अनुसार यह घटना इस्तांबुल-दिल्ली उड़ान की थी। करीब एक मिनट के इस वीडियो में फ्लाइट अटैंडेंट और यात्री दोनों एक-दूसरे पर चीखते हुए से नजर आए। इस घटना पर एयरलाइन ने प्रतिक्रिया दी और कहा था कि उनके चालक दल के एक सदस्य के साथ यात्री ने ख़राब व्यवहार किया। इसके बाद दिल्ली से पटना जाने वाली फ्लाइट में तीन युवकों ने शराब के नशे में उधम किया।

हवाई यात्रियों के बदसलूकी के मामले अचानक सामने आने लगे। एयर इंडिया की एक फ्लाइट में महिला पर पेशाब का मामला शांत नहीं हुआ था कि गो एयर की एक फ्लाइट में एयर होस्टेस के साथ छेड़खानी की गई। यह फ्लाइट दिल्ली से गोवा जा रही थी। इसमें दो विदेशी यात्रियों ने एक एयर होस्टेस के साथ छेड़छाड़ की। एक ने एयर होस्टेस को अपने पास बैठने तक को कहा। दूसरे यात्री ने अश्लील बातें की। एयर इंडिया की न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही फ्लाइट की घटना तो अजीब थी। बिजनेस क्लास के एक यात्री ने शराब के नशे में एक बुजुर्ग महिला सहयात्री पर पेशाब ही कर दी। बाद में उस यात्री को खोजकर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जरूर भेजा गया। पर, मसला वही है कि अचानक हवाई यात्रियों की मनःस्थिति को क्या हो गया! वे ऐसी हरकतें क्यों कर रहे हैं, जो उनकी इमेज को ख़राब करती है। क्योंकि, हवाई यात्रियों की पहचान छुपी नहीं रहती और जब बाहर आती है तो वे सिवाय बहानेबाजी के कुछ नहीं कर सकते। क्योंकि, आजकल हर यात्री के हाथ में कैमरा है और वे ऐसी घटनाओं के वीडियो बनाने का मौका भी नहीं छोड़ते।

सबसे ताजा घटना दिल्ली-पटना की इंडिगो फ्लाइट में हुई। तीन युवकों ने फ्लाइट में भारी हंगामा किया। ये तीनों ही नशे में थे। उन्हें एयर होस्टेस और अन्य यात्रियों ने समझाने की कोशिश की, तो वे उनसे भी उलझ पड़े। एयर होस्टेस के साथ बदसलूकी और छेड़खानी करने की भी बात कही जा रही है। पायलट की शिकायत के अनुसार तीनों ने मारपीट भी की। पायलट ने पटना के एयरपोर्ट थाने में इसकी शिकायत भी की। पुलिस ने दो को पकड़ लिया जबकि एक भाग गया।

पिछले दिनों सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो जमकर वायरल हुआ था। इसमें यात्रियों के बीच मारपीट के दृश्य थे। बैंकॉक से भारत की थाई स्माइल एयरवेज की फ्लाइट में कुछ भारतीय यात्रियों ने हंगामा किया। इन यात्रियों के बीच मारपीट का वीडियो बहुत देखा गया। इस मामले पर थाई स्माइल एयरवेज ने अपनी रिपोर्ट में एक पैसेंजर को आरोपी बताया। इस वीडियो में दो लोग आपस में लड़ते हुए दिख रहे हैं। इस बीच एक फ्लाइट अटेंडेंट विवाद को शांत करने की कोशिश भी की। लेकिन, एक युवक ने दूसरे के बाल पकडे और थप्पड़ मार दिया। इसके बाद थप्पड़ मारने वाले युवक के साथियों ने दूसरे युवक को जमकर पीट दिया।

ऐसी घटनाएं सिर्फ हमारे देश में ही नहीं होती। विदेशों में तो घटनाएं आम हैं। पिछले दिनों मैनचेस्टर से रोड्स जा रही एक फ्लाइट में भी ऐसा ही कुछ हुआ था। फ्लाइट में यात्रा के दौरान एक महिला सिर्फ इस बात पर भड़क गई कि उसके मांगने पर उसे पसंद की शराब नहीं दी गई। उसने फ्लाइट अटेंडेंट को थप्पड़ भी मारे। इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ। जानकारी के मुताबिक इस महिला यात्री ने शैंपेन की मांग की, जिस पर क्रू-मेंबर ने बताया कि इस फ्लाइट में शैंपेन की सुविधा नहीं है। इसके बाद महिला भड़क गई। एक क्रू-मेंबर ने महिला को शांत करने की कोशिश भी की। इस पर महिला उग्र हो गई और गुस्से में वह सीट से उठ गई और बीच में केबिन का दरवाजा खोलने की कोशिश की। महिला ने तीन सीट पर पेशाब भी कर दी। पायलट को मजबूरी में फ्लाइट की म्यूनिख में इमरजेंसी लैंडिंग कराना पड़ी। आपात लैंडिंग के बाद पुलिस ने महिला को फ्लाइट से जबरन उतारा।

फ्लाइट्स में झगडे, बदसलूकी, मारपीट के बढ़ते मामलों के पीछे शराब एक बड़ा कारण माना जा रहा है। डोमेस्टिक फ्लाइट में तो शराब पीकर बैठने पर भी रोक है, पर इंटरनेशनल फ्लाइट में तो बकायदा शराब परोसी जाती है। इस बीच एक सर्वे रिपोर्ट में कहा गया कि 48 फीसदी लोगों ने फ्लाइट्स में शराब दिए जाने पर रोक लगाने की मांग की। जबकि, 89 फीसदी लोगों ने सरकार के सुरक्षा मानकों का समर्थन किया है। इस सर्वे में 10 हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए थे। इस सर्वे रिपोर्ट के अनुसार बदसलूकी, मारपीट जैसी घटनाओं के लिए फ्रीक्वेंटली सफर करने वाले यात्रियों को छूट देना, शराब परोसने को जिम्मेदार ठहराया है। सर्वे में शामिल 50 प्रतिशत लोगों ने कहा कि हवाई यात्रा से पहले सभी को अंडरटेकिंग देना चाहिए कि वह सफर के दौरान शराब का सेवन नहीं करेंगे। 40 फीसदी लोगों ने यात्रा शुरू होने से पहले शराब को लेकर ब्रीथ टेस्ट कराने को भी कहा।

Author profile
सोनम लववंशी

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर होने के साथ महिलाओं और सामाजिक मुद्दों की बेबाक लेखिका है। उन्होंने पत्रकारिता के कई संस्थानों में कार्य किया है।