प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने ही कराई पति की हत्या, 48 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा

38

प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने ही कराई पति की हत्या, 48 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा

भिण्ड से परानिधेश भारद्वाज की रिपोर्ट

भिण्ड जिले के अटेर थाना क्षेत्र में हुए एक अंधे कत्ल का पुलिस ने महज 48 घंटे में सनसनीखेज खुलासा कर दिया। इस मामले में मृतक की पत्नी ही हत्या की साजिश की मास्टरमाइंड निकली, जिसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवाई। पुलिस ने आरोपी पत्नी रूबी और उसके प्रेमी विशाल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

दरअसल 8 अप्रैल को अटेर थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल सवार युवक नीलेश जाटव की उसकी पत्नी एवं बच्ची के सामने ही अज्ञात लुटेरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मामले में मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया था कि वह अपने पति और बच्ची के साथ गांव जामना से खरिका लौट रही थी।

रास्ते में रिदौली-खरिका मार्ग पर उसका बैग गिर गया। जैसे ही पति ने बाइक रोकी और वह बैग उठाने गई उतने में ही पीछे से आए दो अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर उसके पति की हत्या कर दी और फरार हो गए।

सूचना पर अटेर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव के निर्देशन एवं अटेर एसडीओपी रविन्द्र वास्कले के मार्गदर्शन में पुलिस की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, एफएसएल टीम की मदद ली और तकनीकी व भौतिक साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पत्नी के बयान संदिग्ध पाए गए। इसके बाद पुलिस ने मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, जिसमें पूरे मामले का खुलासा हो गया।

bhind news

पूछताछ में सामने आया कि मृतक की पत्नी रूबी का रिश्ते में देवर विशाल विमल से लगभग सात साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों आपस में व्हाट्सएप कॉलिंग और चैटिंग के जरिए लगातार संपर्क में रहते थे। पति उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था, इसलिए दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।

योजना के तहत पति के साथ मोटरसाइकिल पर जाने के दौरान पत्नी ने निर्धारित स्थान पर अपना बैग गिरा दिया और मोटरसाइकिल रुकवाकर बैग उठाने लगी। इतने में ही घात लगाकर बैठे प्रेमी और उसके साथी राजेश कुशवाह ने नीलेश जाटव की गोली मारकर हत्या कर दी। यही नहीं आरोपी अस्पताल भी पहुंचा और परिवार से संवेदना भी जाता रहा था। लेकिन पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी हत्यारे और मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 12 बोर का देशी कट्टा, खाली कारतूस, बिना नंबर की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जबकि हत्या में सहयोग करने वाला अन्य आरोपी राजेश कुशवाह अभी फरार है। जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई हैं।

देखिए वीडियो: क्या कह रहे हैं, डॉ असित यादव (डीआईजी/एसपी भिण्ड)-

इस सनसनीखेज अंधे कत्ल के सफल खुलासे पर पुलिस अधीक्षक द्वारा घोषित 10 हजार रुपये के इनाम की राशि टीम को दी जाएगी।

इस खुलासे में इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में एसडीओपी अटेर रविन्द्र वास्कले, थाना प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह तोमर, उपनिरीक्षक अतुल भदौरिया, अरविंद सिकरवार, बृजेंद्र तोमर, रामशरण शर्मा, एएसआई हुकुम सिंह, साइबर सेल के महेश कुमार, आनंद दीक्षित सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि अवैध संबंधों और आपराधिक साजिश का अंजाम कितना खौफनाक हो सकता है, वहीं पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच से सच्चाई सामने आ ही जाती है।