

Wife’s Hand in DGP’s Murder : कर्नाटक के पूर्व DGP की हत्या में पत्नी का हाथ, बेटे ने राज खोला!
Bengaluru : कर्नाटक के पूर्व डीजीपी की बेरहमी से की गई हत्या से सभी स्तब्ध है। क्योंकि, हत्या का आरोप उनकी पत्नी पर ही लगा है। बताया जा रहा है कि हत्या से पहले उन पर खौलता तेल डाला गया, मिर्ची डाली गई और चाकू और कांच की बोतल से उन पर कई वार किए गए। पुलिस रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि दंपति के बीच अक्सर झगड़ा होता था। पत्नी ने पहले भी अपने पति को जान से मारने की धमकी दी थी। 1981 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के 68 साल के अधिकारी ओम प्रकाश कल अपने बेंगलुरु स्थित घर में खून से लथपथ मृत पाए गए थे। उनके पेट और सीने पर चाकू से कई वार किए गए।
रिटायर्ड पुलिस अधिकारी के बेटे कार्तिकेश ने पुलिस को बताया है कि उसकी मां पल्लवी उसके पिता को पहले से ही जान से मारने की धमकी दे रही थी। इन धमकियों के कारण अपनी वे बहन के पास रहने चले गए थे। लेकिन हत्या से दो दिन पहले उसकी बेटी कृति उससे मिलने आई और वापस आने का दबाव बनाया। वह पिता को उसकी मर्जी के खिलाफ घर वापस ले आई। कार्तिकेश ने अपनी शिकायत में ये सब जानकारी दी है।
घर पहुंचा तो पिता खून से लथपथ मिले
हत्या के दिन कार्तिकेश डोम्लुर में कर्नाटक गोल्फ एसोसिएशन में थे। उन्होंने बताया कि शाम को उन्हें अपने एक पड़ोसी का फोन आया जिसमें बताया गया कि उनके पिता नीचे पड़े मिले। वे कुछ ही मिनटों में घर पहुंचे और देखा कि उनके पिता खून से लथपथ पड़े हैं और उन्हें कई चोटें लगी हैं। उन्होंने बताया कि उनके शव के पास एक टूटी हुई बोतल और एक चाकू मिला। कार्तिकेश ने यह भी दावा किया कि उनकी मां और बहन मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से पीड़ित थीं।
मां और बहन डिप्रेशन में
उन्होंने बताया कि मेरी मां पल्लवी और मेरी बहन कृति डिप्रेशन से पीड़ित हैं। वे अक्सर मेरे पिता से झगड़ा करती थीं। मुझे संदेह है कि वे मेरे पिता की हत्या में शामिल हैं। पल्लवी और कृति से पुलिस ने 12 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पूर्व डीजीपी और उनकी पत्नी के बीच प्रॉपर्टी को लेकर झगड़ा हुआ, जो मारपीट में बदल गया और कथित तौर पर हत्या का कारण बना। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या उनकी बेटी कृति ने भी हत्या में कोई भूमिका निभाई है।
मिर्ची पाउडर और खौलता तेल फेंका
शुरुआती जांच में पता चला है कि पल्लवी ने कथित तौर पर प्रकाश पर मिर्च पाउडर फेंका, उन्हें बांधा, कांच की बोतल से उस पर हमला किया और चाकू घोंपकर हत्या कर दी। चाकू घोंपकर हत्या करने के बाद पल्लवी ने दूसरे पुलिसकर्मी की पत्नी के सामने कबूल किया कि उसने अपने पति की हत्या कर दी। इस महिला ने अपने पति को इसकी जानकारी दी, जिन्होंने पुलिस को इस हत्याकांड के बारे में बताया।
उन्हें भी जान को खतरा था
ओम प्रकाश मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और उनके पास भूविज्ञान में मास्टर डिग्री थी। वे मार्च 2015 में कर्नाटक पुलिस महानिदेशक बने। इससे पहले वे अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं और होमगार्ड के प्रमुख के रूप में कार्य कर चुके हैं। 2015 में कर्नाटक के DGP बने और 2017 में रिटायर हुए। लेकिन, रिटायरमेंट के बाद उनकी जिंदगी उतनी आसान नहीं थी। उन्होंने अपने दोस्तों से भी जिक्र किया था कि उनकी जान को खतरा है। बेटी कृति भी उस समय घर में ही थी जब हत्या हुई। लेकिन, मां पल्लवी ने दावा किया है कि वह अलग कमरे में बंद थी। पत्नी इस बयान की सत्यता की भी जांच कर रही है।