Wine Politics : जिला भाजपा अध्यक्ष का शराब पीते वीडियो वायरल

अरुण यादव ने CM से पूछा 'प्रदेश में ऐसे नशा बंदी का जागरूकता अभियान चलेगा!'

813

Bhopal : प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने ग्वालियर के जिला भाजपा अध्यक्ष कमल माखीजानी का शराब पीते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करके राजनीति को गरमा दिया।

उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि यह भाजपा का असली चाल और चरित्र है। शेयर वीडियो में माखीजानी के एक हाथ में सूप की कटोरी है और उनके सामने की टेबल पर शराब का गिलास रखा है। जिसे वे वीडियो में उठाकर पीते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस पर अरुण यादव ने वीडियो को ट्वीट किया। ग्वालियर भाजपा जिला अध्यक्ष कमल माखीजानी शराब पीते हुए वायरल वीडियो है। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लिखा कि आपके जिला अध्यक्ष प्रदेश में ऐसे नशा बंदी का जागरूकता अभियान चला रहे है।

 

यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश में जागरूकता अभियान के जरिए नशाबंदी की अपील कर चुके है। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती शराबबंदी को लेकर आंदोलन चला रही है। तीन दिन पहले उमा भारती ने भोपाल के आशिमा मॉल के सामने शराब की दुकान के अहाते के सामने अपनी चौपाल लगाई थी। उन्होंने कहा था कि शराबियों की संख्या बढ़ रही है|

 

इस मामले पर भाजपा ग्वालियर महानगर जिला अध्यक्ष कमल माखीजानी ने कहा कि क्या किसी जगह बैठकर सूप पीना अपराध है। मैं किसी जगह बैठ कर सूप भी नहीं पी सकता। मैं शराब नहीं पी रहा हूं। गिलास से पानी पी रहा हूं।

उधर, कांग्रेस के प्रदेश मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने भी ट्वीट कर सवाल किए, उन्होंने ट्वीट किया कि ‘सुश्री उमा भारती जी, जवाब दीजिए … शराबी जिला (ग्वालियर) अध्यक्ष से भाजपा का क्या है नाता, घर को ही बना डाला आहता!’