
Women Took Over Traffic : इंदौर के रेडिसन और विजयनगर चौराहों पर महिलाओं ने ट्रैफिक संभाला!
‘पिंक जैकेट’ में महिलाओं ने यातायात संचालन किया, नियम पालन का संदेश दिया!
Indore : शहर के सुगम, सुरक्षित, सुखद यातायात और नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूक लाने के उद्देश्य से यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा सघन यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान नियमों के पालन के साथ वाहन चालकों और नागरिकों को जागरूक भी किया जा रहा है। आज रविवार को शहर के रेडिसन और विजयनगर जैसे व्यस्ततम चौराहों पर एक अनोखी और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली, जब महिलाओं ने यातायात संचालन की कमान अपने हाथों में ली।
यातायात पुलिस के जोन-2 के एसीपी मनोज कुमार खत्री की इस पहल के तहत महिलाओं को यातायात जागरूकता और सुरक्षा अभियान से जोड़ा गया। इसमें उन्होंने ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर चौराहों पर ट्रैफिक को नियंत्रित किया और वाहन चालकों को नियमों का पालन करने का संदेश दिया।

पिंक जैकेट पहने हुए इन महिलाओं ने न केवल ट्रैफिक संचालन में सहयोग किया, बल्कि लोगों को सड़क सुरक्षा, हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट के उपयोग और ट्रैफिक संकेतों के पालन के प्रति जागरूक भी किया। यह अभियान तीन महिला समूहों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इसमें संप्रीति वीमेन वेलफेयर सोसाइटी, स्वयं सहायता समूह रोशनी और विजय नगर सुरक्षा समिति की महिलाएं शामिल रही।

पुलिस की इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना और सड़क सुरक्षा के प्रति समाज को संवेदनशील बनाना था। इस प्रयास से यह संदेश गया कि यातायात व्यवस्था में समाज के हर वर्ग की भूमिका महत्वपूर्ण है, और महिलाएं भी इस क्षेत्र में सक्रिय योगदान दे सकती हैं। एसीपी मनोज कुमार खत्री ने बताया कि आने वाले दिनों में ऐसे और भी कार्यक्रमों की योजना है, जिससे समाज में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़े और ट्रैफिक व्यवस्था और अधिक प्रभावी हो सके। इस दौरान निरीक्षक राजेश बारवाल, सूबेदार सैयद काज़िम हुसैन रिज़वी सहित यातायात पुलिस की टीम मौजूद रही।





