Women’s Reservation BJP’s Slogan : विवेक तन्खा ने कहा ‘महिला आरक्षण भाजपा का एक जुमला, इरादा नहीं!’

IB की रिपोर्ट के मुताबिक BJP को सिर्फ 60-65 सीट मिल रही!

637

Women’s Reservation BJP’s Slogan : विवेक तन्खा ने कहा ‘महिला आरक्षण भाजपा का एक जुमला, इरादा नहीं!’

देखिए VDO : विवेक तन्खा की मीडिया से बातचीत!  

Indore : कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने संसद में पारित ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को तुरंत लागू नहीं किए जाने को लेकर केंद्र सरकार की मंशा पर सोमवार को सवाल उठाया! उन्होंने दावा किया कि यह भाजपा का केवल एक जुमला भर है। महिलाओं को आरक्षण देने का भाजपा का कभी कोई इरादा नहीं था।

जन आक्रोश यात्रा में धार जाते हुए विवेक तन्खा ने इंदौर एयरपोर्ट पर मीडिया से कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के नाम पर भाजपा को एक जुमला कहना था और वह कह दिया। वे इसके बहाने इवेंट करना चाहते थे, वो कर दिया। तन्खा ने कहा कि भाजपा का कहना है कि जनगणना होने, सीटों के परिसीमन और आरक्षण के बाद यह अधिनियम वर्ष 2029 में लागू होगा। अब ईश्वर ही बताएगा कि यह अधिनियम 2029 में लागू होगा या 2039 में?

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने पंचायत चुनाव में महिलाओं को 33% आरक्षण दिया, तब तो ऐसी कोई शर्त नहीं रखी थी। तब भी संविधान संशोधन हुआ था। अभी भी ऐसी कोई बाध्यता नहीं है। सरकार चाहती तो ये आरक्षण अभी भी लागू किया जा सकता था, पर नहीं किया गया।

तन्खा ने दावा किया कि नारी शक्ति वंदन विधेयक इसलिए पेश किया गया क्योंकि सत्तारूढ़ भाजपा नये संसद भवन में एक इवेंट करना चाहती थी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस विधेयक के नाम पर महज रस्म अदायगी की है और महिलाओं को आरक्षण देने का उसका कभी कोई इरादा नहीं था।

मध्यप्रदेश में सत्ता विरोधी लहर 

कांग्रेस के राजयसभा सदस्य विवेक तन्खा ने दावा किया कि मध्यप्रदेश में भाजपा के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर है। उन्हें विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि इनफार्मेशन ब्यूरो (आईबी) की रिपोर्ट के मुताबिक भाजपा को विधानसभा चुनावों में 230 में से केवल 60-65 सीटें मिलेंगी। विवेक तन्खा ने कहा कि लोग 20 साल तक एक ही चेहरा देख-देखकर ऊब जाते हैं, तो वे नया चेहरा चाहते हैं और कांग्रेस नए चेहरे देगी। लेकिन, यह कहना कि कांग्रेस के प्रति आक्रोश है, यह गलत है। क्योंकि, हमने कुछ किया ही नहीं तो आक्रोश किस बात का! हमको सिर्फ 15 महीने सरकार चलाने का मौका मिला, यदि हम पूरे 5 साल सरकार चलाते तो संभव है कि हमसे कुछ गलतियां होती और जनता में आक्रोश होता। अभी हमारे विरोध में आक्रोश का तो सवाल ही खड़ा नहीं होता।

विधुड़ी जैसे लोग जनप्रतिनिधि 

भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी द्वारा बहुजन समाज पार्टी के सांसद दानिश अली के लिए संसद में अपशब्दों के इस्तेमाल की निंदा करते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा कि बिधूड़ी जैसे लोगों को जन प्रतिनिधि के रूप देखना शर्मनाक है। तन्खा ने एक सवाल पर कहा कि सनातन धर्म ही नहीं, बल्कि किसी भी धर्म के खिलाफ ऐसा कोई बयान नहीं दिया जाना चाहिए जिससे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचे।