![rajya sahsah logo 6th pay scale](http://mediawala.in/wp-content/uploads/2022/01/rajya-sahsah-logo.jpg)
![rajya sahsah logo 6th pay scale](http://mediawala.in/wp-content/uploads/2022/01/rajya-sahsah-logo.jpg)
बहनों के खाते में पैसा डाल अब सरकार पूछ रहीं पैसों का क्या किया, सेल्फी भी मांगी,अच्छे जवाब और फोटो पर पुरस्कार
भोपाल. प्रदेश की सवा करोड़ बहनों के बैंक खातों में एक-एक हजार रुपए डालने के बाद अब सरकार यह जानने की कवायद में लग गई है कि ये रुपए बहनों की जिंदगी में किस तरह बदलाव ला रहे हैं। इसके लिए बाकायदा दो प्रतियोगिताएं भी शुरु की गई है। मन की बात प्रतियोगिता के जरिए यह जानने की कवायद हो रही है कि इन रुपयों का बहने क्या उपयोग कर रही है। वहीं सेल्फी कांटेस्ट और संदेश के जरिए योजना से उनके जीवन में आए बदलाव, चेहरे पर बढ़ी खुशियों को जानकार इनमें भी बहनों को पुरस्कृत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना को और अधिक लोकप्रिय बनाने के लिए राज्य सरकार ने ‘अब मै हूं लाड़ली बहना’ सेल्फी कांटेस्ट और मन की बात साझा करने के लिए पुरस्कृत करने की योजनाएं शुरु की है।
प्रदेश में एक करोड़ 25 लाख से अधिक बहनों के बैंक खातों में हर माह एक हजार रुपए राज्य सरकार मुफ्त में डाल रही है। अब सभी पात्र बहने इस योजना के संबंध में अपनी प्रसन्नता और अभिव्यक्ति को साझा कर सके इस उद्देश्य से मै हूं लाड़ली बहना सेल्फी कॉंटेस्ट का आयोजन किया जा रहा है।
इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बहनों को एमपी माय गाँव डॉट इन पोर्टल पर अपनी सेल्फी और संदेश मुख्यमंत्री तक पहुंचाना होगा। यह प्रतियोगिता 25 जून तक चलेगी इसमें सर्वश्रेष्ठ सेल्फी और संदेश के आधार पर प्रत्येक जिले से तीन बहनों को विजेता के रुप में चयनित किया जाएगा। विजेताओं को जनसंपर्क संचालनालय मध्यप्रदेश द्वारा प्रबम पुरस्कार के रुप में तीन हजार, द्वितीय पुरस्कार के रुप में दो हजार और तृतीय पुरस्कार के रुप में एक हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। प्रविष्टि के साथ पूरा नाम, पूरा पता और मोबाइल नंबर भी देना होगा।
वहीं लाड़ली बहनों के मन की बात हितग्राही बहने साझा करे हमारे साथ प्रतियोगिता के जरिए बहनों से यह पूछा जा रहा है कि अपने खातों में पैसा पाकर उन्हें कैसा लगा। इन रुपयों का वे क्या उपयोग कर रही है। यह योजना महिलाओं के सशक्तिकरण में कैसे उपयोगी रहेंगी। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली प्रदेश की दस सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियों से जुड़ी लाड़ली बहनों को पांच-पांच हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। यह राशि विजेता बहनों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए भेजी जाएगी।
इस प्रतियोगिता के लिए पांच जुलाई तक आवेदन किया जा सकेगा। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बहनों को एमपी माय गॉव डॉट इन पोर्टल पर अपनी मन की बात साझा करना होगा। इसमें लाड़ली बहना पंजीयन क्रमांक लिखना अनिवार्य होगा। एक प्रतिभागी केवल एक प्रविष्टि भेज सकेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग इनमें से सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियों का चयन करेगा।