भाजपा की सरकार सबसे अच्छी सरकार, यह संदेश हर बूथ तक पहुंचाएं विधायकगण

विधायक प्रवास कार्यशाला को मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष ने किया संबोधित

384

भाजपा की सरकार सबसे अच्छी सरकार, यह संदेश हर बूथ तक पहुंचाएं विधायकगण

भोपाल। देश प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तरक्की के पायदान चढ़ रहा है, तो मध्यप्रदेश में गरीब कल्याण की योजनाएं हर वर्ग के जीवन में बदलाव ला रही हैं। देश और समाज में परिवर्तन की यह प्रक्रिया चलती रहे, इसके लिए देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार होना जरूरी है। प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में जाने वाले विधायकगण यह संदेश लेकर बूथ-बूथ तक जाएं कि भाजपा की सरकार ही सबसे अच्छी सरकार है। विभिन्न प्रदेशों से मध्यप्रदेश के प्रवास पर आए विधायकों से यह आह्वान मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश जी, केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव, और प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को विधायक प्रवास कार्यशाला में किया।

*राष्ट्र निर्माण के संकल्प की पूर्ति के लिए भाजपा की जीत जरूरी-भूपेंद्र यादव*

कार्यशाला को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी श्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में 40 लाख से अधिक वैरिफाइड कार्यकर्ता हैं। यहां जनसंघ के जमाने से संगठन को खड़ा करने के लिए स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जी, स्व. राजामाता सिंधिया जी, स्व. सुंदरलाल पटवा जी, स्व. सखलेचा जी, सारंग जी जैसे अनेकों कार्यकर्ताओं ने अपना जीवन खपा दिया। प्रदेश में वर्तमान में कार्यकर्ताओं की तीसरी और चौथी पीढ़ी संगठन को संभाल रही है। श्री यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आजादी के अमृतकाल में राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिया है। इस संकल्प की पूर्ति के लिए मध्यप्रदेश और देश में भाजपा की सरकारें होना जरूरी है। श्री यादव ने कार्यशाला में उपस्थित विभिन्न प्रदेशों के विधायकों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि आप लोग अपनी विधानसभा में हर समाज तक पहुंचें, मठ-मंदिरों और विभिन्न धार्मिक समुदायों के प्रमुख लोगों से संपर्क करें। पन्ना प्रमुखों से मिलें, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से चर्चा करें। उन्होंने कहा कि मंडल और शक्ति केंद्रों की बैठक लें तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में हाल में मध्यप्रदेश सरकार ने लाडली बहना योजना लांच की है, इस योजना की हितग्राही बहनों से मिलें। श्री यादव ने कहा कि सभी विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं, नागरिकों और हितग्राहियों तक यह संदेश पहुंचाएं कि भाजपा की सरकार ही सबसे अच्छी सरकार है। सत्र का संचालन प्रदेश शासन के मंत्री श्री विश्वास सारंग ने किया।

*विकास, जनकल्याण और महिला सशक्तीकरण हमारी ताकत-शिवराजसिंह चौहान*

विधायकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एक वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न और शक्तिशाली भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करने के लिए काम कर रहे हैं। देश लगातार आगे बढ़ रहा है और दुनिया में कोई ताकत अब भारत के प्रभुत्व को नकार नहीं सकती। श्री चौहान ने कहा विकास के लिए पहली शर्त शांति है और 2003 में भाजपा की सरकार बनते ही हमने इस दिशा में काम शुरू किया। चंबल के बीहड़ों से डाकुओं को सफाया कर दिया तो सिमी का नेटवर्क ध्वस्त कर दिया। 2003 से पहले नक्सली मंत्री की गर्दन काटकर ले जाते थे, हमने नक्सलियों की गतिविधियों पर रोक लगाई। मध्यप्रदेश ने सबसे पहले बहन-बेटियों पर गलत नजर डालने वालों के लिए फांसी की सजा का प्रावधान किया। श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस के जमाने में प्रदेश में टूटी फूटी सड़कें थीं, हमने 5 लाख किलोमीटर शानदार सड़कें बनाई। बिजली उत्पादन को 2900 मेगावाट से 29000 मेगावाट तक पहुंचाया। प्रदेश में सिंचित रकबा सिर्फ 7.5 लाख हेक्टेयर था, जिसे हमारी सरकार ने 41 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा दिया है। गेहूं उत्पादन में मध्यप्रदेश नं.1 राज्य बन गया है। प्रति व्यक्ति आय जो पहले 11000 रुपये थी, अब 1,40,000 रुपये हो गई है। कांग्रेस के समय प्रदेश का जो बजट 21000 करोड़ हुआ करता था, उसे हमने 3,14000 करोड़ तक पहुंचा दिया है। किसानों को हमारी सरकार केंद्र सरकार के अलावा 6 हजार रुपये किसान सम्मान निधि दे रही है, तो मध्यप्रदेश में 3.60 लाख आयुष्मान कॉर्ड बनाए गए है। श्री चौहान ने कहा कि बहनों और बेटियों के सशक्तीकरण के लिए हमने पहले लाड़ली लक्ष्मी और अब लाडली बहना योजना बनाई है। हर घर में नल से जल पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता ये मानती है कि भाजपा ही विकास करेगी। विकास, जनकल्याण और महिला सशक्तीकरण की योजनाएं हमारी ताकत हैं और इनके आधार पर ही हम फिर से सरकार बनाएंगे। आप सभी के सहयोग से प्रदेश में भाजपा की प्रचंड लहर चलेगी, जिसमें कांग्रेस कहीं नजर नहीं आएगी।

*मोदी जी को फिर प्रधानमंत्री बनाना है, तो अपना बूथ जीतना जरूरी है- शिवप्रकाश जी*

विधायकों को प्रदेश संगठन का परिचय देते हुए राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश जी ने कहा कि हर राज्य में संगठन का स्वभाव अलग होता है। मध्यप्रदेश में कदम-कदम पर स्व. ठाकरे जी के जीवन सुगंध फैली हुई है और कार्यकर्ताओं का स्वभाव संगठन के अनुकूल है। जनसंघ के जीतने की शुरुआत मध्यप्रदेश से ही हुई थी और यहां लंबे समय से पार्टी सत्ता में है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव फाइनल हैं, तो विधानसभा चुनाव सेमीफाइनल है। फाइनल में जीत के लिए सेमीफाइनल जीतना जरूरी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं और नागरिकों को यह स्मरण कराना जरूरी है कि मध्यप्रदेश में किस तरह विकास की गंगा बही है। उन्होंने यह समझाया कि मोदी जी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए अपना बूथ जीतना क्यों जरूरी है। श्री शिवप्रकाश जी ने आने वाले 2024 के लोकसभा चुनाव का महत्व समझाते हुए कहा कि समाज की मानसिकता को बदलने के लिए 5-7 सालों का समय पर्याप्त नहीं है। इसके लिए लंबे समय तक भाजपा की सरकार रहना जरूरी है। जिन परिवर्तनों की शुरुआत हमारी सरकार ने की है, उन्हें जारी रखने के लिए हमारी सरकार जरूरी है। श्री शिवप्रकाश जी ने उदाहरण देते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति का समर्थन सभी ने किया, लेकिन उसे लागू सिर्फ भाजपा शासित राज्यों में ही किया गया है। यह नीति पूरे देश में लागू हो, इसके लिए विधानसभा चुनावों में जीत जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार देश को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए काम कर रही है। वहीं, मध्यप्रदेश सरकार ने भी जनहित की अनेक योजनाएं लागू की हैं। ये योजनाएं चलती रहें, इसके लिए हमारी सरकार जरूरी है।

IMG 20230819 WA0081

*चुनाव में जुटे कार्यकर्ताओं को प्रवासी विधायकों के अनुभवों का लाभ मिलेगा- विष्णुदत्त शर्मा*

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के संगठन को कुशाभाऊ ठाकरे जी, राजमाता जी, प्यारेलाल खंडेलवाल जी, कैलाश जोशी जी जैसे कई नेताओं ने सींचा है। ठाकरे जी की अथक मेहनत का ही परिणाम है कि मध्यप्रदेश के दूरस्थ क्षेत्र तक भाजपा का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि 20 से 27 अगस्त तक चलने वाले विधायक प्रवास अभियान में आप सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है। अपने -अपने राज्यों में भारतीय जनता पार्टी को विस्तार देने और अपने राज्यों में गुड गवर्नेंस देने में प्रमुख भूमिका रही है। आपके अनुभव, योग्यता, क्षमता और विधानसभा में कियें गये विशेष कार्यों का लाभ मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं को मिलेगा। श्री शर्मा ने कहा कि अभियान के इन दिनों में देश भर की चुनी हुई ताकत के रूप में उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और गुजरात के चयनित विधायक जब मध्यप्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में जायेंगे तो मध्यप्रदेश के प्रत्येक कार्यकर्त्ता का उत्साह 10 गुना तो होगा साथ ही चुनाव में जुटे स्थानीय कार्यकर्ताओं को और ताकत मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी नई राजनीतिक संस्कृति के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी के नेतृत्व में आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा सरकार की योजनाओं से देश और प्रदेश में गरीबों के जीवन स्तर में सुखद बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनायें हमारी ताक़त हैं, इस ताक़त के बूते और संगठन तंत्र की मजबूती के आधार पर हम विधानसभा चुनावों में महाविजय प्राप्त करेंगे। सत्र का संचालन प्रदेश शासन के मंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया।

*मध्यप्रदेश आदर्श संगठन वाला राज्य – अमित ठाकर*

विधायक प्रवास कार्यक्रम के प्रभारी, विधायक श्री अमित ठाकर ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लगातार प्रवास से आज भारत वैश्विक शक्ति बना है, प्रशासनिक कार्यों के साथ ही प्रधानमंत्री जी ने संगठन कार्यों को भी गति दी है। 20 से 27 अगस्त के बीच 8 दिनों तक आप जिस विधानसभा में प्रवास पर रहेंगे वहां आपको संगठन कार्य को गति देनी है साथ ही प्रवास को लेकर पार्टी के करणीय कार्यों को भी पूरा करना हैं। उन्होंने कहा कि हमारी ताक़त हमारे कार्यकर्ता हैं। विचार के आधार पर जो कार्यकर्ता जुड़ा है वह पुरे उत्साह के साथ मैदान में उतरे, यहीं विधायक प्रवास की सार्थकता है। आपके प्रवास से कार्यकर्ता प्रेरित होंगे और मध्यप्रदेश भाजपा को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में नीचे तक आदर्श संगठन है फिर भी हमें तैयारियों में जुटना है। प्रवास के दौरान लाभार्थी सम्मलेन, मन की बात कार्यक्रम और विचार परिवार के लोगों के साथ ही सामाजिक और प्रभावशील लोगों से संपर्क करते हुए मंडल स्तरीय बैठकें करनी हैं।

कार्यशाला के दौरान प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी श्री विजय दुबे ने विधायकों को व्यवस्था संबंधी जानकारी दी तथा आईटी प्रभारी श्री अमल शुक्ला ने सरल एप में दर्ज किए जाने को लेकर जानकारी दी। कार्यशाला में प्रदेश शासन के मंत्री डॉ. मोहन यादव, विधायक प्रवास टोली के सदस्य व प्रदेश महामंत्री व विधायक श्री सरतेन्दू तिवारी एवं श्री अभय यादव मंचासीन थे।