Fear of Mosquitoes at Polling Booth : मतदान दलों को मच्छरों का खौफ, ऑडोमोस और मच्छरदानी की मांग!

इंदौर जिले में वोटिंग के लिए 15 हजार से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई!

123

Fear of Mosquitoes at Polling Booth : मतदान दलों को मच्छरों का खौफ, ऑडोमोस और मच्छरदानी की मांग!

Indore : इंदौर लोकसभा सीट पर 13 मई को वोटिंग होना है। इसके लिए प्रशासन सभी स्तरों पर व्यवस्था में जुटा हुआ है। मतदान दलों में शामिल कर्मचारियों ने अब कलेक्टर से मच्छरों से सुरक्षा की मांग की है। मतदान कर्मियों ने एक प्रतिनिधिमंडल के जरिए कहा कि मतदान केंद्रों पर ऑल आउट, ऑडोमॉस और मच्छरदानियां सहित अन्य सभी व्यवस्था की जाए। कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल ने इन मांगों को लेकर एक ज्ञापन भी कलेक्टर आशीष सिंह को सौंपा है। कलेक्टर ने सभी मांगों को पूरा करने का भरोसा भी दिया।

जानकारी अनुसार लोकसभा चुनाव के लिए प्रशासन द्वारा सामग्री वितरण से लेकर मतदान केंद्रों तक पर व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही हैं। जिले में वोटिंग के लिए 15 हजार से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। पिछले दिनों होलकर कॉलेज में निर्वाचन में लगने वाले कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। ट्रेनिंग के दौरान उपस्थित रहने वाले कर्मचारियों ने निर्वाचन में अपनी जिम्मेदारी पूरी करने की बात कही, लेकिन मतदान केंद्रों पर रात बिताने के दौरान मच्छरों और गर्मी का खौफ उन्हें सता रहा है।

कई कर्मचारियों ने संघ के पदाधिकारियों को सूचित किया कि वह परेशान हैं। क्योंकि, जिले में मच्छरों का काफी प्रकोप है। शहरी क्षेत्र में तो व्यवस्था की जा सकती हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है। शासकीय अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने कलेक्टर को ज्ञापन देते हुए समस्या से अवगत कराया।
कर्मचारी संघ के हरीश बोयत, रमेश यादव, प्रवीण यादव एक प्रतिनिधिमंडल के साथ कलेक्टर आशीष सिंह से मिले और निर्वाचन में लगे मतदान कर्मियों को मच्छरों से बचाव के लिए जरूरी दवाइयां, क्रीम, ऑल-आउट या मच्छरदानी की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। ठंडे पानी के लिए मटके और गर्मी से बचाव के लिए पंखे अथवा कूलर रखवाने का अनुरोध किया। कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि सभी व्यवस्थाएं की जाएगी।

पहले थी मच्छरदानी देने की प्रथा
मतदान कर्मियों ने बताया कि पहले के समय में निर्वाचन प्रणाली में कर्मचारियों को चुनावी ड्यूटी करने के दौरान मच्छरदानी दी जाती थी। लेकिन, जब से शहरीकरण हुआ है, यह प्रथा भी बंद हो गई। अब इंदौर जिला निर्वाचन अधिकारी अपने अधीनस्थों को परेशानी से बचाने और निष्पक्ष रूप से चुनाव की प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए अतिरिक्त सुविधाओं और व्यवस्थाओं में जुट गए हैं। उनके अनुसार प्रत्येक बूथ पर ओडोमास, ऑल-आउट पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी तथा अधिक से अधिक मतदान केन्द्रों पर कूलर की व्यवस्था भी की जा रही है। प्रतिनिधिमंडल में आनंद हार्डिया, पवन मोहनिया, मनोहर परमार, सत्यनारायण यादव आदि उपस्थित थे।