Malu’s Funeral : गोविन्द मालू का अंतिम संस्कार, मुख्यमंत्री भी शामिल हुए! 

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने उन्हें कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता बताया! 

1209

Malu’s Funeral : गोविन्द मालू का अंतिम संस्कार, मुख्यमंत्री भी शामिल हुए! 

Indore : भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता गोविंद मालू का निधन हो गया। निधन का कारण सीवियर कार्डियक अरेस्ट के कारण हुआ। उनका अंतिम संस्कार आज इंदौर में किया गया। उनकी अंतिम यात्रा आज सुबह 10:30 बजे 175-179 ग्रेटर ब्रजेश्वरी कॉलोनी पिपलियाहाना से रीजनल पार्क मुक्तिधाम के निकली। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने घर आकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। जबकि, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मुक्तिधाम पर श्रद्धांजलि दी। भाजपा के कई नेता पिपलियापाला मुक्तिधाम पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश मीडिया प्रभारी और प्रदेश प्रवक्ता गोविन्द मालू के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मालू भाजपा की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध, समर्पित कार्यकर्ता थे। उन्होंने पार्टी की विभिन्न जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया। मालू का असमय निधन समाज व भाजपा परिवार के लिए बड़ी क्षति है। मुख्यमंत्री ने बाबा श्री महाकाल से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं शोकाकुल परिवार को यह वज्रपात सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने भी मालू के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा उन्होंने कर्मठता से संगठन के विभिन्न दायित्वों को निर्वाहन किया। मालू का असमय निधन भाजपा परिवार के लिए बड़ी क्षति है। प्रदेश अध्यक्ष ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने मालू के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी के बेहद कर्मठ कार्यकर्ता थे। उन्होंने संगठन के विभिन्न दायित्वों को निभाया। उन्होंने कहा की ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे और उनके परिजनों को ये दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

गोविंद मालू खनिज विकास निगम के उपाध्यक्ष और भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी रह चुके हैं। अभी वे पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता थे। उनके निधन पर पार्टी नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गोविंद मालू मीडिया और सोशल मीडिया पर पार्टी का पक्ष जोरदार तरीके से रखते थे। आकस्मिक निधन से 12 घंटे पहले भी उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस पर निशाना साधा था।