गुन्नौर के लकी प्रत्याशी राजेश कुमार वर्मा…

गुन्नौर के लकी प्रत्याशी राजेश कुमार वर्मा…

गुन्नौर विधानसभा सीट पन्ना जिले की वह सीट है, जिस पर कांग्रेस प्रत्याशी शिवदयाल बागरी विधायक हैं। भाजपा ने 17 अगस्त को 39 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं। इनमें गुन्नौर विधानसभा से राजेश कुमार वर्मा को प्रत्याशी बनाया गया है। वर्मा भाजपा के घोषित उम्मीदवारों में फिलहाल सबसे लकी साबित हुए हैं। प्रत्याशी घोषित होने के दूसरे दिन ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा गुन्नौर विधानसभा में जनदर्शन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। यानि कि चुनाव प्रचार की सबसे मजबूत शुरुआत गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र में ही हुई है। और मुख्यमंत्री शिवराज ने गुन्नौर विधानसभा के रहवासियों को सौगातों की झड़ी ही लगा दी। ऐसे में कांग्रेस प्रत्याशी शिवदयाल बागरी के खिलाफ एंटी इन्कंबेंसी का फायदा मिलने की संभावना के साथ राजेश कुमार वर्मा की जीत की संभावना प्रबल है। ऐसे समय पर मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्रवासियों को दिए गए उपहार राजेश के राजयोग का आधार बनेंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पन्ना जिले के गुन्नौर क्षेत्र में नर्मदा जल लाने के लिए तकनीकी परीक्षण करवाने की बात कही है। गुन्नौर के महाविद्यालय में विज्ञान की कक्षाएं प्रारंभ करने और स्थानीय कन्या विद्यालय के उन्नयन की कार्यवाही करने की सौगातें दीं हैं। शिवराज और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा पन्ना जिले के गुन्नौर में जनदर्शन के पश्चात लाड़ली बहना कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 677 करोड़ रूपए राशि के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। पन्ना जिले के तीन नगरीय निकायों गुन्नौर, अमानगंज और देवेन्द्र नगर के लिए एक-एक करोड़ रूपए की राशि देने की घोषणा की है। विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश 2003 के पहले मिस्टर बंटाढार दिग्विजय सिंह के शासनकाल में बीमारू राज्य था। जनता सड़क, बिजली और पानी के लिए तरसती थी।
मध्यप्रदेश को दुरावस्था के दौर से निकालने का काम भारतीय जनता पार्टी ने किया। 2003 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी तब से मध्यप्रदेश में बदलाव आना शुरू हुआ। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकसित राज्य बना। अंतिम पंक्ति का व्यक्ति भी अग्रिम पंक्ति में आ गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में गरीबों का जीवन बदलने का काम किया है। विकास को लेकर देश और प्रदेश में उल्लेखनीय कार्य हुए है। हम मिलकर विधानसभा और लोकसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ इतिहास बनायेंगे। गुन्नौर के मतदाताओं का प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने ध्यान आकर्षित किया कि जनता 5 साल तक कांग्रेस विधायक को ढूंढते रही और कांग्रेस विधायक नहीं मिल पाए। इस बार हमें गलती नहीं करना है, पूरे जोश और होश के साथ भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को विजयी बनाना है।
राजेश कुमार वर्मा के लिए इससे बेहतर शुरुआत नहीं हो सकती थी। गुन्नौर में चुनावी बिगुल बज चुका है। पन्ना जिले की अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 59 गुनौर से भाजपा द्वारा प्रत्याशी बनाए गए डॉ. राजेश वर्मा वर्ष 2008 से 2013 तक यहां से विधायक रह चुके हैं। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी द्वारा राजेश वर्मा को अपना प्रत्याशी घोषित किया गया था जो कि कांग्रेस के वर्तमान विधायक शिवदयाल बागरी से मामूली मतों के अंतर से पराजित हुए थे। भाजपा द्वारा घोषित विधानसभा के प्रत्याशी राजेश वर्मा विधायक रहते हुए क्षेत्र में लगातार उपस्थित रहते हुए विकास कार्यों के लिए समर्पित होकर कार्य करते रहे हैं। उन्हें अपने विधायक कार्यकाल में ट्रेन के लिए पन्ना से सतना तक पैदल यात्रा निकालने के लिए भी जाना जाता है। राजेश वर्मा के स्वर्गीय पिता गणेशीलाल वर्मा वर्ष 1990 से 1993 तक अमानगंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे थे। इस बार विधानसभा चुनाव हारने के बाद भी राजेश वर्मा अपने क्षेत्र में पिछले पांच साल से काफी सक्रिय थे। ऐसे में लकी राजेश कुमार वर्मा के लिए 2023 का विधानसभा चुनाव वरदान साबित हो सकता है।
Author profile
UntitleRReEEeRFEe
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।