Honey Trap Case in Bhopal : भोपाल में हनी ट्रैप का हाई प्रोफाइल मामला दर्ज, अफसर को फंसाया, महिला पर पुराने 32 मामले!

दुष्कर्म में फंसाने की धमकी देकर 2 करोड़ मांगे, कई प्रभावशाली लोग फंस चुके!

1009

Honey Trap Case in Bhopal : भोपाल में हनी ट्रैप का हाई प्रोफाइल मामला दर्ज, अफसर को फंसाया, महिला पर पुराने 32 मामले!

Bhopal : यहां हबीबगंज थाने में हनी ट्रैप का मामला दर्ज हुआ। यह मामला एक एडिशनल कलेक्टर ने दर्ज कराया जो एक मंत्री के यहां ओएसडी रह चुके है। इस महिला ने एडिशनल कलेक्टर से 2 करोड़ रुपए मांगे थे। नहीं देने पर बलात्कार मामले में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद एडिशनल कलेक्टर ने इस मामले की हबीबगंज थाने में शिकायत की। शिकायतकर्ता मंत्रालय में अवर सचिव पीएचई विभाग के पद पर पदस्थ हैं। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर अड़ीबाजी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। इस महिला के खिलाफ ऐसे 32 मामले पता चले हैं।

दर्ज शिकायत के मुताबिक ओएसडी ने बताया कि उनके पास 13 जुलाई 2023 को एक महिला मिलने आई थी। शिकायत में फरियादी ने पुलिस को बताया कि आरोपी महिला रीवा की रहने वाली है। वह स्वयं को मीडिया हाउस का प्रतिनिधि बताकर ऑफिस मिलने आती थी। इसके बाद वह महिला काम के सिलसिले में ओएसडी जीवन रजक के ऑफिस में अक्सर आना जाना करती थी। जब महिला द्वारा दिया गया काम करने से इनकार कर दिया, तो उसने उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी देना शुरू कर दिया।

शिकायत के अनुसार महिला करीब 10 महीने से उन्हें झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी दे रही थी। इसके बाद वह महिला फरियादी के शिवाजी नगर स्थित घर पहुंच गई। यहां महिला ने उन्हें धमकी दी कि अगर उसे 2 करोड़ रुपए नहीं दिए तो, एक एडिटेड वीडियो वायरल कर देगी।

पुलिस ने आरोपी महिला की तपतीश की, तो उसके खिलाफ ऐसे और भी कई मामले मिले। क्राइम रिकॉर्ड में रीवा की रहने वाली इस महिला के खिलाफ ऐसे 32 मामले दर्ज हैं। लेकिन, सबूत न मिलने पर कोर्ट ने उसे बरी कर दिया।

इस बारे में पुलिस का कहना है कि अभी 32 मामले सामने आए। जांच में और भी केस सामने आ सकते हैं। बताया गया कि शहर के कई के कई बड़े लोग इस महिला के चंगुल में फंस चुके है। यह महिला जब अधिकारी या प्रभावशाली व्यक्ति से पहली बार मिलती थी तो खुद को समाजसेवी बताती थी। इसके बाद उस व्यक्ति को फंसा लेती थी। महिला अपने शिकार को उत्पीड़न और दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसों की मांग करती थी।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के पीए भी चंगुल में आ चुके

पुलिस ने बताया कि यह महिला रीवा के गोविंदगढ़ की रहने वाली है। महिला पर हनीट्रैप का ये पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी युवती पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम के पीए इस जाल में फंसाने की कोशिश कर चुकी है। पीए ने इसकी शिकायत भी पुलिस में दर्ज कराई थी। यह जानकारी भी मिली कि रीवा में एक पुलिस अधिकारी ने आरोपी महिला से परेशान होकर थाने से तबादला करा लिया था। अब हबीबगंज पुलिस इस महिला से पूछताछ कर रही है ताकि उसके और भी मामलों का पता चल सके।