Kissa-A-IAS:पहले IG और अब लकी अली से विवाद: सुर्खियों में 2009 बैच की महिला IAS अधिकारी  

306

Kissa-A-IAS:पहले IG और अब लकी अली से विवाद: सुर्खियों में 2009 बैच की महिला IAS अधिकारी  

 

IAS अधिकारी अपने कामकाज के तरीकों से चर्चा में बने रहते हैं। यदि अधिकारी सख्त है, तो भी और नहीं है, तो भी उसकी चर्चा होती है। लेकिन, यदि कोई IAS किसी विवाद की वजह से चर्चा में आता है, तो भी उसकी अलग पहचान तो बनती ही है। ऐसी ही 2009 बैच की IAS अधिकारी हैं रोहिणी सिंधुरी, जो इन दिनों सुर्खियों में हैं। वे विवादास्पद तो नहीं हैं, पर संयोग से ऐसे हालात जरूर बन जाते हैं कि उनके नाम के साथ विवाद जुड़ जाते हैं। पहले रोहिणी कर्नाटक हस्तशिल्प विकास निगम की एमडी आईपीएस रूपा मौदगिल के बीच विवाद के कारण मीडिया में छाई रहीं। रूपा 2000 बैच की IPS अधिकारी है।

IMG 20240629 WA0116

अब वे फ़िल्म इंडस्ट्री के जाने-माने गायक और गीतकार लकी अली के कारण चर्चा में हैं। लकी अली ने इस महिला IAS अधिकारी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने इस IAS अधिकारी पर उनकी कृषि भूमि पर अवैध कब्जा करने के आरोप लगाए। लकी अली ने जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया और इसे लेकर इस IAS अधिकारी, उनके पति और रिश्तेदार के खिलाफ कर्नाटक लोकायुक्त से लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

IMG 20240629 WA0115

रोहिणी सिंधुरी मूलतः आंध्र प्रदेश से की हैं। उनका जन्म 30 मई 1984 को हुआ। उन्होंने अपनी स्कूल की पढाई केंद्रीय विद्यालय से की। इसके बाद केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई पूरी की। वे 2009 की यूपीएससी की परीक्षा में 43 वीं रैंक हासिल कर IAS अधिकारी बनीं। रोहिणी सिंधुरी के पिता सरकारी नौकरी में थे। उनकी पोस्टिंग देश के अलग-अलग राज्यों में रही, इसलिए रोहिणी सिंधुरी ने देश के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों से अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की। फिर केमिकल इंजीनियरिंग की डिग्री लेने के बाद कुछ समय तक ‘शैल इंडिया’ कंपनी में नौकरी की। यूपीएससी क्रैक करने के बाद उन्हें कर्नाटक कैडर मिला। रोहिणी को अपनी ड्यूटी के प्रति काफी ईमानदार और गंभीर बताया जाता है। रोहिणी सिंधुरी के पति सुधीर रेड्डी सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और उनके 2 बच्चे है। रोहिणी खुद सोशल मीडिया पर ज्यादा एक्टिव नहीं हैं, लेकिन इंस्टाग्राम पर इनके नाम पर कई फैन अकाउंट्स बने हुए हैं। उन्हें कर्नाटक की धाकड़ IAS अधिकारी के रूप में जाना जाता है।

IMG 20240629 WA0118

लकी अली से विवाद से पहले वे कर्नाटक हस्तशिल्प विकास निगम की तत्कालीन एमडी आईपीएस रूपा मौदगिल से विवाद के कारण सुर्ख़ियों में रही थी। रूपा का आरोप था कि रोहिणी सिंधुरी ने कुछ पुरुष IAS अधिकारियों के साथ अपनी निजी तस्वीरें शेयर की। रूपा का यह भी आरोप था कि सेवा के नियमों के मुताबिक, इस तरह की फोटो शेयर करना अपराध है। जबकि, अब वे अलग मामले में विवादों में है। लकी अली ने महिला IAS और उनके पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

IMG 20240629 WA0119

इस शिकायत में जमीन हड़पने का आरोप लगाया। लकी अली से उनका मामला बेंगलुरु के बाहरी इलाके येलहंका के केंचनहल्ली क्षेत्र की कृषि भूमि से जुड़ा है। इस जमीन पर मालिकाना हक लकी के परिवारिक ट्रस्ट का है। लेकिन, लकी ने रोहिणी और उनके पति पर इस जमीन को हड़पने और कब्जा करने का आरोप लगाया। सिंगर ने यह भी कहा कि रोहिणी सिंधुरी भू-माफियाओं के साथ मिलकर इस जमीन को हड़पने की साजिश कर रही है। लकी अली और रोहिणी सिंधुरी के बीच यह जमीन विवाद पहले भी चर्चा में रहा। लकी ने एक ‘एक्स’ पोस्ट डीजीपी कर्नाटक को टैग करते हुए लिखी कि ‘मैं मकसूद महमूद अली (लकी अली का असली नाम) हूं. दिवंगत अभिनेता और कॉमेडियन महमूद अली का बेटा और लकी अली के नाम से भी जाना जाता हूं। मैं फिलहाल काम के सिलसिले में दुबई में हूं, इसलिए कि यह जरूरी है।

IMG 20240629 WA0117

सिंधुरी की पहली पोस्टिंग तुमकुरु में असिस्टेंट कमिश्नर के रूप में हुई थी। इसके बाद 2014 तक ग्रामीण विकास और पंचायत राज विभाग, स्वरोजगार परियोजना, बैंगलोर के निदेशक के रूप में काम किया। इसके बाद जुलाई, 2017 में उन्हें हसन के डिप्टी कमिश्नर के रूप में नियुक्त किया गया। वे हिंदू धार्मिक संस्थानों और धर्मार्थ बंदोबस्त विभाग में भी कार्यरत रहीं। रोहिणी को 7 महीने के अंतराल के बाद पिछले साल सितंबर में कर्नाटक सरकार ने राजपत्र विभाग के लिए चीफ एडिटर के रूप में नियुक्त किया, जहां वे अभी भी पदस्थ है।

Author profile
Suresh Tiwari
सुरेश तिवारी

MEDIAWALA न्यूज़ पोर्टल के प्रधान संपादक सुरेश तिवारी मीडिया के क्षेत्र में जाना पहचाना नाम है। वे मध्यप्रदेश् शासन के पूर्व जनसंपर्क संचालक और मध्यप्रदेश माध्यम के पूर्व एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर रहने के साथ ही एक कुशल प्रशासनिक अधिकारी और प्रखर मीडिया पर्सन हैं। जनसंपर्क विभाग के कार्यकाल के दौरान श्री तिवारी ने जहां समकालीन पत्रकारों से प्रगाढ़ आत्मीय रिश्ते बनाकर सकारात्मक पत्रकारिता के क्षेत्र में महती भूमिका निभाई, वहीं नए पत्रकारों को तैयार कर उन्हें तराशने का काम भी किया। mediawala.in वैसे तो प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खबरों को तेज गति से प्रस्तुत करती है लेकिन मुख्य फोकस पॉलिटिक्स और ब्यूरोक्रेसी की खबरों पर होता है। मीडियावाला पोर्टल पिछले सालों में सोशल मीडिया के क्षेत्र में न सिर्फ मध्यप्रदेश वरन देश में अपनी विशेष पहचान बनाने में कामयाब रहा है।