पंडित धीरेन्द्र शास्त्री के हिन्दू राष्ट्र पर.. महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी का बयान- भारत हिन्दू राष्ट्र था, है और हमेशा रहेगा…

उप मुख्यमंत्री स्व सुभाष यादव की 10 वी पुण्यतिथि भक्ति दिवस के रुप में मनाई गई

पंडित धीरेन्द्र शास्त्री के हिन्दू राष्ट्र पर.. महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी का बयान- भारत हिन्दू राष्ट्र था, है और हमेशा रहेगा…

खरगोन से आशुतोष पुरोहित की रिपोर्ट

खरगोन: प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री स्वर्गीय सुभाष यादव के 10 वी पुण्यतिथि पर आयोजित भक्ति दिवस के आयोजन में पहुंचे महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री के हिंदू राष्ट्र को लेकर बार बार दिए जा रहे बयान पर बडा बयान दिया है। प्रसिद्ध संत और महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी का कहना है कि उनको पता नहीं है। हिंदू राष्ट्र समाप्त कहा हुआ है। दुनिया में हिंदुस्तान है हिंदुस्तान था और रहेगा। वे जबरन कुछ लोगों को संतुष्ट करने के लिए इस तरह की बातें कर रहे हैं।

देखिए वीडियो-

प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुभाष यादव की पुण्यतिथि पर बोरांवा में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरूण यादव और प्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव ने पिता को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिये बड़ी संख्या में साधु संतों को आमंत्रित किया था। इस दौरान मीडिया से चर्चा में राजनीति में धर्म के प्रवेश पर उत्तम स्वामी का कहना था कि संत का काम आशीर्वाद देना। चुनाव लड़ना या पद के लिये भागना नहीं है। संत को संदेश देना, संस्कार देना चाहिये। राजनीति नहीं करना चाहिये।

देखिए वीडियो: क्या कह रहे हैं, संत उत्तम स्वामी महामण्डलेश्वर-

 

सनातन पर भाजपा पर हमला करते पूर्व मंत्री दीपक जोशी की फिसली जुबान..

कर्नाटक पर बजरंगबली का उपयोग करने वालों को जनता ने नकारा ..

मध्यप्रदेश में झंडे और धर्म के साथ राजनीति करने वालों को नकारेगी  जनता..

प्रदेश में पूर्ण बहुमत से बनेगी कांग्रेस सरकार … पूर्व मंत्री दीपक जोशी

खरगोन जिले के बोरांवा में प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री स्वर्गीय सुभाष यादव की पुण्यतिथि पर भक्ति दिवस के आयोजन में पहुंचे प्रदेश के पूर्व मंत्री दीपक जोशी का बड़ा बयान आया है। कर्नाटक में बजरंग बली का उपयोग करने पर जनता ने भाजपा को नकार दिया था। अब मध्यप्रदेश में भी झंडे और धर्म के साथ की जा रही राजनीति को प्रदेश की जनता नकारेगी।

पिछले दिनों कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद लगातार भाजपा पर हमला बोल रहे पूर्व मंत्री जोशी की मीडिया से चर्चा के दौरान जुबान फिसल गई। उत्साही पूर्व मंत्री जोशी बजरंग सेना के कार्यकर्ताओं के कांग्रेस की जगह भाजपा में शामिल होने का बयान दे गये।

देखिए वीडियो: क्या कह रहे हैं, पूर्व मंत्री दीपक जोशी-

हालाँकि दीपक जोशी ने दावा किया कि प्रदेश में पूर्ण बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनेगी और सनातन मजबूत होगा। स्वर्गीय सुभाष यादव की 10 वीं पुण्यतिथि पर भाजपा सरकार में मंत्री रहे दीपक जोशी ने  श्रद्धासुमन के दौरान भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सच्चा सनातनी वही है जो सर्वे भवंतु सुखिनः सर्वे संतु निरामया की कामना करता हो सिर्फ कह देने से या झंडे लहरा देने से सनातनी नहीं बन जाता। सच्चा सनातनी तो वह है जो चींटी से लेकर हाथी तक को पालने की जिम्मेदारी लेता है। सिर्फ इंसान तक की पालने की जिम्मेदारी नहीं लेता इसलिए सनातन एक अपनी अलग पहचान के साथ जाना जाता है।

बोरावां के मिनी महाकुंभ में स्व. सुभाष यादव को संत समाज ने अर्पित की पुष्पांजलि, बताया सुभाष यादव को विश्वास पुरूष

खरगोन जिले के बोरांवा में प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री स्वर्गीय सुभाष यादव की दसवीं पुण्यतिथि पर भक्ति दिवस पर देश के जाने माने साधु संतों का जमावड़ा रहा।

महामण्डलेश्वरद्वय ईश्वरानंद महाराज (उत्तम स्वामी), बालकदास महाराज और महंत कल्याणदास महाराज के सानिध्य में करीब 500 से अधिक निमाड़ अंचल सहित प्रदेश के साधु, संत, महंत, पुजारी और ब्राह्मण मौजूद थे। पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरूण यादव और प्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री कसरावद के विधायक सचिन यादव की मौजूदगी में सुन्दरकाण्ड सहित धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुआ।

इस दौरान प्रदेश के कोने कोने से पहुंचे हजारों लोगों ने स्वर्गीय सुभाष यादव को श्रद्धा सुमन अर्पित किये। भक्ति दिवस के अवसर पर संतों की मौजूदगी में मिनी कुभ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तम स्वामी और आयोध्या हनुमानगढ़ी से पहुंचे कल्याणदास महाराज का कहना था कि स्वर्गीय सुभाष यादव विकास नहीं विश्वास पुरूष थे। उनकी कृति देखकर अद्भुत लगाता है। आज हजारों लोगों की मौजूदगी क्षेत्र के विकास और जनता उनके पुत्र अरूण यादव, सचिन यादव के प्रति विश्वास बताता है। इस दौरान आयोध्या से पहुंचे कल्याणदास महाराज ने जनता से 491 वर्ष बाद बनने जा रहे श्रीराम मंदिर के भव्य उद्घाटन समारोह में पहुंचने की अपील की। साधु संतों के साथ इस अवसर पर शहीद  राजेन्द्र यादव की पत्नी प्रतिभा यादव और बेटी मेघा भी मौजूद थी।

पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री अरूण यादव और प्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री एवं कसरावद के विधायक सचिन यादव द्वारा अपने पिताश्री की पुण्यतिथि पर आयोजित भक्ति दिवस के अवसर पर महामण्डलेश्वर श्री ईश्वरानंद जी महाराज ने कहा कि सुभाष यादव निमाड़ और प्रदेश वासियों के लिए विकास पुरूष थे। मेरा मानना और कहना है कि वे विकास पुरूष के साथ ही विश्वास पुरूष थे। यहाँ के लोगों में उनके प्रति अगाध श्रद्धा और विश्वास था। लोगों का पक्का विश्वास था कि सुभाष यादव के पास जायेंगें तो हमारा काम निश्चित तौर पर होगा।

अरूण यादव और सचिन यादव के प्रति भी है लोगों में श्रद्धा और भरोसा

श्री उत्तम स्वामीजी के नाम से भी प्रसिद्ध संत श्री ईश्वरानंद जी महाराज ने कहा कि स्व. सुभाष यादव जननेता थे। उन्हें अपने पद, पैसा और प्रतिष्ठा की नहीं अपने समाज की चिंता हमेशा बनी रहती थी। यहाँ के लोगों की खुशहाली के लिए    उन्होंने संघर्ष किया और मजबूती के साथ अपने लोगों के लिए खड़े रहे। श्री ईश्वरानंद जी महाराज ने कहा कि अपने पिता की भांति ही अरूण यादव और सचिन यादव के प्रति भी लोगों में श्रद्धा और भरोसा है। इन दोनों भाईयों ने आज यहाँ  बोरावां की धरती पर एक साथ इतने संतों को एकत्रित कर मिनी कुंभ का आयोजन कर दिया है। संत समाज का आशीर्वाद इन दोनों भाईयों, परिवार और निमाड़ वासियों के साथ सदैव बना रहेगा।

समूचे देश प्रदेश में सुभाष यादव की थी कीर्ति

अयोध्या धाम हनुमानगढ़ी के महन्त श्री कल्याणदास जी महाराज ने कहा कि स्व. सुभाष यादव की कीर्ति समूचे देश प्रदेश में थी। वे सेवाभावी जननेता थे। समाज और जनसेवा के कारण सुभाष यादव के प्रति लोगों में गहरी आस्था थी। मेरा सौभाग्य है कि मैं दूसरी बार इस पुण्य धरती पर बोरावां में आया हूँ। मुझे अरूण यादव और सचिन यादव द्वारा भक्ति दिवस पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लेने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है।

देखिए वीडियो: क्या कह रहे हैं, कल्याणदास जी महाराज हनुमान गढ़ी मंदिर अयोध्या-

 

श्री कल्याणदास जी महाराज ने निमाड़वासियों से आव्हान किया कि वे अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर के निर्माण और दर्शन के लिए अवश्य पधारें। श्री कल्याणदास जी महाराज ने अरूण यादव और सचिन यादव को श्रीमद् भगवत् गीता की प्रति भी भेंट की।

म.प्र. के भगीरथ थे सुभाष यादव

अरूण यादव और सचिन यादव के बुलावे पर विशेष रूप से मौजूद म.प्र. के पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने कहा कि स्व. सुभाष यादव म.प्र. के भगीरथ थे। उन्होनें माँ नर्मदा का पानी सिंचाई के लिए किसानों के खेतों में पहुँचाया। सुभाष यादव ने नर्मदा का पानी किसानों के खेतों में पहुँचाकर उन्हें समद्ध बनाया। किसानों में खुशहाली आई। सुभाष यादव ने सनातन संस्कृति को भी आगे बढ़ाने का काम किया है। उनकी पुण्यतिथी पर मैं अपनी ओर से हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ।

बाबूजी की प्रत्येक पुण्यतिथि पर भक्ति दिवस मनाऐंगे

पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री अरूण यादव ने संत और ब्रम्ह समाज की उपस्थिति पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबूजी स्व. सुभाष यादव की पुण्यतिथी पर हम हर वर्ष भक्ति दिवस मनाएँगे। संतों के आशीर्वाद से बोरावां की यह धरती आज पावन हो गई है। कसरावद के विधायक सचिन यादव ने कहा कि पिताजी स्व. सुभाष यादव के सपनों को हम पूरा करेंगे। कसरावद और निमाड़ वासियों की सेवा में अपनी ओर से कोई कोर कसर बाकी नहीं रखेंगे।

संतों को भेंट की हनुमान जी की गदा

अरूण यादव और सचिन यादव ने महामण्डलेश्वर ईश्वरानंद जी महाराज, बालकदास जी महाराज और महंत कल्याणदास जी महाराज और अन्य को स्मृति स्वरूप हनुमान जी की गदा भेंट की। साथ ही आगन्तुक समस्त महंतों, संतों, कथा वाचकों, साध्वियों, पुजारियों और ब्रह्म समाज को भी परंपरानुसार दान दक्षिणा के साथ श्रीफल भेंट किये। भक्ति दिवस पर धार्मिक अनुष्ठान के तहत सुंदरकाण्ड पाठ, हनुमान चालीसा पाठ, संत पूजन, महा आरती और महाप्रसादी के आयोजन में भी हजारों लोगों ने भाग लिया।

संतों के सानिध्य में सचिन यादव ने भगवान भोलेनाथ और माँ नर्मदा का किया पूजन अभिषेक

सुभाष यादव की दसवीं पुण्यतिथि के अवसर पर महामण्डलेश्वर श्री ईश्वरानंद जी महाराज और महंत कल्याणदास जी महाराज के सानिध्य में विधायक सचिन यादव ने सोमवार की सुबह शालिवाहन मंदिर में भगवान भोलेनाथ और माँ नर्मदा का पूजन अभिषेक और आरती की। उन्होंने 751 मीटर लम्बी चुनरी भी माँ नर्मदा को समर्पित की। स्व. सुभाष यादव की पुण्यतिथि पर पूर्व सांसदद्वय ताराचंद पटेल, मकनसिंह सोलंकी, विधायक केदार सिंह डाबर, सुश्री चन्द्रभागा किराड़े, पाचीलाल मेढ़ा, पूर्व विधायक हमीद काजी, सहकारी नेता बोंदर सिंह मण्डलोई, कुलदीप सिंह भाटिया, समाज सेवी मदनमोहन पटेल, उनके भाई राजेन्द्र यादव, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती दमयंती यादव, सुपुत्रद्वय अरूण यादव, सचिन यादव और उनके हजारों समर्थकों, स्नेहियों, प्रशंसकों और कार्यकर्ताओं ने बोरावां पहुँचकर उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

Author profile
आशुतोष पुरोहित
आशुतोष पुरोहित ( खरगोन)