100 Million Views : विरोध के बावजूद ‘बेशर्म रंग’ को 10 करोड़ लोग देख चुके!

गाने की जबरदस्त लोकप्रियता विरोधियों के मुंह पर तमाचा!

543

100 Million Views : विरोध के बावजूद ‘बेशर्म रंग’ को 10 करोड़ लोग देख चुके!

Mumbai : फ़िल्म का विवादास्पद होना भी उसकी लोकप्रियता बढ़ाता है। जब भी किसी फिल्म को लेकर विवाद हुआ फ़िल्म हिट हुई है। विवादों के बीच शाहरुख खान की फ़िल्म ‘पठान’ के गाने ‘बेशर्म रंग’ को भी अभी तक 10 करोड़ (100 मिलियन) व्यूज मिल चुके। फ़िल्म के मेकर्स ने सोशल मीडिया पर इस बात की जानकारी दी। 12 दिसंबर को रिलीज हुए इस गाने को 8 दिन में 100 मिलियन यानी 10 करोड़ से ज्यादा लोगों ने देख लिया।

रिलीज के बाद से ही ये गाना विवादों में बना हुआ है। इस गाने का विरोध करने वालों का मानना है कि इसमें एक्ट्रेस को भगवा कपड़े पहन आपत्तिजनक डांस करते दिखाया गया। विरोधियों का कहना है कि अगर गाने में बदलाव नहीं किया तो वे फिल्म को रिलीज नहीं होने देंगे।

10 करोड़ व्यूज मिले

फ़िल्म ‘पठान’ के मेकर्स यशराज फिल्म्स ने हाल ही में सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा ‘बेशर्म रंग को 10 करोड़ से अधिक देखा गया है और अभी तो ये शुरुआत है। यशराज फिल्म्स के 50 साल पूरे होने पर अपने नजदीकी थिएटर्स में 25 जनवरी को पठान को देखकर आनंद लीजिए।’

शाहरुख-दीपिका की इस गाने को शिल्पा रॉव ने अपनी आवाज दी है। विशाल-शेखर ने गाने को कंपोज किया है। जब से यह गाना रिलीज हुआ है, तब से इस गाने को लेकर देश के कई हिस्सों में विरोध हो रहा है। विरोध करने वाले लोग फिल्म को बैन करने की मांग कर रहे हैं। इस गाने में दीपिका पादुकोण ने भगवा रंग की बिकिनी पहनी है।

विरोध करने वालों का कहना है कि भगवा रंग हिंदू धर्म का प्रतीक है और दीपिका इस रंग के कपड़े पहन कर ‘बेशर्म रंग’ के बोल वाले गाने पर डांस किया, जो काफी आपत्तिजनक है। उनका मानना है कि भगवा जैसे पवित्र रंग का प्रयोग बिकिनी के लिए करना स्वीकार नहीं किया जाएगा।

कई राज्यों में विरोध

‘पठान’ को लेकर कई राज्यों में विरोध शुरू हो गया। मध्यप्रदेश, राजस्थान बिहार, उत्तरप्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और महाराष्ट्र में प्रदर्शन हो रहे हैं। बिहार के मुजफ्फरपुर शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण सहित पांच लोगों पर धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने और अश्लीलता फैलाने के आरोप में केस दर्ज किया गया है।

छत्तीसगढ़ में शिवसैनिकों ने फिल्म से बेशरम रंग गाना हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसा नहीं किया गया तो छत्तीसगढ़ में फिल्म रिलीज नहीं होने देंगे। यूपी के मथुरा में हिंदू महासभा फिल्म का विरोध कर रही है। उसका कहना है कि वे इसके खिलाफ कोर्ट जाएंगे। इतने विरोध के बावजूद फ़िल्म के इस गीत का लोकप्रिय होना आश्चर्य का विषय है।