
17 सप्ताह की कठिन ट्रेनिंग के बाद 161 जवान हुए पास आउट, बड़वाह CISF केंद्र में दीक्षांत परेड संपन्न
खरगोन । केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र बड़वाह में शनिवार को 6वें बैच के आरक्षक (जीडी) एक्स-सर्विसमैन प्रशिक्षणार्थियों का दीक्षांत परेड एवं शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में 161 प्रशिक्षणार्थियों ने राष्ट्र सेवा और संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ लेकर अपने प्रशिक्षण का सफल समापन किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सीआईएसएफ सेंट्रल सेक्टर की महानिरीक्षक नीलिमा रानी सिंह थीं। उन्होंने परेड की सलामी ली और पास आउट हुए जवानों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र की सुरक्षा में पूरी ईमानदारी, समर्पण और अनुशासन के साथ योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र बड़वाह के प्राचार्य चंदनशिवे अमोल सी. ने प्रशिक्षणार्थियों को शपथ दिलाई तथा प्रशिक्षण पाठ्यक्रम का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि जवानों को 17 सप्ताह का कठोर एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें विभिन्न चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संयम, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की दक्षता विकसित की गई।

प्राचार्य ने कहा कि प्रशिक्षणार्थियों ने अपने परिवार से दूर रहकर कठिन परिश्रम और समर्पण के साथ प्रशिक्षण पूरा किया है। प्रशिक्षण के दौरान आंतरिक एवं बाह्य विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षणार्थियों तथा परेड कमांडर को सम्मानित भी किया गया।

मुख्य अतिथि नीलिमा रानी सिंह ने कहा कि सीआईएसएफ के जवान देश की महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों और संस्थानों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में उन्हें संविधान के मूल्यों के अनुरूप कार्य करते हुए हमेशा ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता का परिचय देना चाहिए।
समारोह के अंत में प्रशिक्षणार्थियों और स्टाफ द्वारा आकर्षक, साहसिक एवं रोमांचक प्रदर्शन प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने उपस्थित अधिकारियों और अतिथियों का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन, उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
हाइलाइट्स
बड़वाह CISF प्रशिक्षण केंद्र में 6वें बैच का दीक्षांत समारोह आयोजित
161 आरक्षक (जीडी) एक्स-सर्विसमैन प्रशिक्षणार्थी हुए पास आउट
17 सप्ताह का कठोर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को किया गया सम्मानित
महानिरीक्षक नीलिमा रानी सिंह ने दिलाई राष्ट्र सेवा की प्रेरणा।





