

MP में चक्रवाती हवाओं संग 2 से 3 दिन और बारिश, मालवा – निमाड़ को गर्मी से राहत, अंडमान निकोबार में भारी बारिश
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
चक्रवात का केंद्र अब पूरी तरह से मध्य प्रदेश में है। बादलों का गोल घेरा गुजरात और राजस्थान के पूर्वी हिस्से, दिल्ली, यूपी के दक्षिण और मध्य भाग, महाराष्ट्र के उत्तर और छत्तीसगढ़ तक बना हुआ है। इन सब राज्यों में अचानक बारिश संभव है।
मध्य प्रदेश में चक्रवाती बादलों से 2 से 3 दिन और वर्षा की स्थिति रहेगी। पश्चिमी भाग इंदौर, धार, झाबुआ, खंडवा, रतलाम, मंदसौर, उज्जैन, देवास क्षेत्र में आज और कल हवाओं संग बारिश होगी। जबकि उत्तर से पूर्वी भाग में 3 दिन तक बारिश हो सकती है।
मध्य प्रदेश के मालवा निमाड़ में गर्मी से राहत मिलेगी। यहां अगले दो दिन अधिकतम तापमान 26/28 डिग्री रहेगा। बाद के 14 दिनों तक तापमान बढ़ेगा लेकिन 37 डिग्री से अधिक नहीं जा पाएगा। जबकि मध्य प्रदेश के उत्तर और पूर्वी दिशा में 3 दिन बाद तापमान तेजी से बढ़ेगा तथा 14 दिनों तक 40/41 डिग्री तक जा सकता है।
बंगाल की खाड़ी में पूर्वी बादलों का तेज आगमन शुरू हो गया है। अगले 12 घंटों में अंडमान निकोबार में भारी बारिश संभव है। केरल, तमिलनाडु, आंध्रा, तेलंगाना में भी पूर्वी और पश्चिम बादलों के मिश्रण से बारिश होगी। महाराष्ट्र में मुंबई, पुणे, नाशिक आदि स्थानों पर वर्षा संभावित है।
भारत के उत्तरी भाग लद्दाख के लेह में लगातार बर्फबारी जारी रहेगी। कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में तूफानी बारिश की संभावना रहेगी।